रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच बड़ी कूटनीतिक हलचल तेज हो गई है। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कीव पर हवाई हमलों को 72 घंटे यानी तीन दिनों के लिए रोकने का आदेश दिया है। यह फैसला ऐसे समय में आया है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के विशेष दूत रूस पहुंचकर पुतिन से शांति वार्ता करने वाले हैं।

ट्रंप के दूतों से मिलेंगे पुतिन

क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव के मुताबिक, रूस ने शनिवार से कीव पर होने वाले हवाई हमलों पर तीन दिनों की रोक लगाने का फैसला किया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के विशेष प्रतिनिधि स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर रूस पहुंच चुके हैं और पुतिन के साथ सीधे बातचीत करेंगे।

ट्रंप पहले ही रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध समाप्त कराने के लिए शांति समझौते की कोशिशों की बात कह चुके हैं। अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल के रविवार को यूक्रेन की राजधानी कीव पहुंचने की भी संभावना है।

दूतों के दौरे से पहले कीव पर रूसी हमले

यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमीर जेलेंस्की ने दावा किया कि अमेरिकी प्रतिनिधियों के पहुंचने से पहले रूस ने कीव और बोरिसपिल हवाई अड्डे के आसपास हमले किए। जेलेंस्की के अनुसार, इन हमलों में रूसी और ईरानी शाहेद ड्रोन का इस्तेमाल किया गया और यह अमेरिकी कूटनीतिक प्रयासों के जवाब में की गई कार्रवाई थी।

NATO को लेकर भी बढ़ी चिंता

अमेरिकी दूतों की रूस यात्रा ऐसे समय हो रही है जब CIA निदेशक जॉन रैटक्लिफ की रूस यात्रा को लेकर भी चर्चा तेज है। रिपोर्टों के मुताबिक, उन्होंने रूस को किसी NATO सदस्य देश पर हमला करने के खिलाफ चेतावनी दी थी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m