धर्मेंद्र योगी, खातेगांव। हरदा-इंदौर हाईवे पर कन्नौद के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। इस भीषण दुर्घटना में बैतूल लोक निर्माण विभाग (PWD) में पदस्थ अनुविभागीय अधिकारी (SDO) दरयाव सिंह परमार की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह बैतूल से धार अपने परिवार से मिलने और उन्हें लेने जा रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया।
20 जून महाकाल भस्म आरती: कमल रचित चंद्र से बाबा महाकालेश्वर का अद्भुत श्रृंगार,
अनियंत्रित होकर दीवार से टकराई बोलेरो
मिली जानकारी के अनुसार, SDO दरयाव सिंह परमार बोलेरो वाहन से धार की ओर जा रहे थे। कन्नौद के पास अचानक उनका वाहन अनियंत्रित हो गया और तेज रफ्तार में सड़क किनारे एक दीवार और लोहे के ढांचे से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और SDO परमार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
वाहन चालक को लेकर सस्पेंस, जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची और शव को अपने कब्जे में लिया। इस हादसे में वाहन कौन चला रहा था और दुर्घटना के वक्त गाड़ी में कितने लोग सवार थे, इसे लेकर फिलहाल स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस मर्ग कायम कर मामले की बारीकी से जांच कर रही है। हादसे की खबर मिलते ही विभाग और उनके परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है।

