रोहित कश्यप, मुंगेली। जरहागांव नगर पंचायत के नवनियुक्त एल्डरमैनों के शपथ ग्रहण समारोह को लेकर स्थानीय स्तर पर असंतोष और नाराजगी देखने को मिल रही है। जरहागांव नगर पंचायत के प्रथम नवनियुक्त एल्डरमैन सतीश मसीह, चंद्रकांत वैष्णव और महावीर यादव का शपथ ग्रहण आज दोपहर 2 बजे होना निर्धारित है, लेकिन आश्चर्यजनक रूप से यह कार्यक्रम जरहागांव नगर पंचायत में आयोजित न कर बरेला नगर पंचायत में किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें : BJP दफ्तर में सहयोग केंद्र कल से होगा शुरू, कैबिनेट मंत्री सुनेंगे समस्याएं

इस निर्णय को लेकर नगरवासियों में कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। लोगों का कहना है कि जिस नगर पंचायत के लिए एल्डरमैन नियुक्त किए गए हैं, उनका शपथ ग्रहण भी उसी नगर की जनता के बीच होना चाहिए था। स्थानीय लोगों का मानना है कि दूसरे नगर पंचायत में शपथ ग्रहण कराना एल्डरमैन पद की गरिमा और स्थानीय जनता की भावनाओं के विपरीत है।

नगरवासियों ने सवाल उठाया है कि क्या नगर पंचायत जरहागांव में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित करने के लिए संसाधनों या बजट की कमी थी, अथवा कार्यक्रम में शामिल होने वाले अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के पास इतना समय नहीं था कि वे जरहागांव पहुंचकर स्थानीय जनता की मौजूदगी में शपथ ग्रहण संपन्न करा सकें।

दरअसल, बरेला में आयोजित कार्यक्रम में वहां के नवनियुक्त एल्डरमैन शपथ लेंगे, उसी कार्यक्रम में जरहागांव के तीनों एल्डरमैनों को भी शपथ दिलाई जाएगी। इस पर जरहागांव के लोगों का कहना है कि वे अपने क्षेत्र के नवनियुक्त एल्डरमैन को शपथ लेते देखना चाहते थे और सुनना चाहते थे कि वे नगर के विकास एवं आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए क्या संकल्प लेते हैं। अब यह अवसर जरहागांव की जनता के बजाय दूसरे नगर पंचायत के लोगों को मिलेगा।

नगरीय प्रशासन मंत्री के गृह जिले में असामान्य स्थिति

लोगों ने इसे नगरीय प्रशासन मंत्री के गृह जिले में होने वाली एक असामान्य स्थिति बताया है। इधर, शपथ ग्रहण समारोह को लेकर एक और चर्चा यह है कि नगर पंचायत के कई पार्षदों तक कार्यक्रम के आमंत्रण पत्र भी नहीं पहुंचे हैं। इसे लेकर कुछ पार्षदों द्वारा आपत्ति दर्ज कराए जाने की बात भी सामने आ रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m