शुभम जायसवाल, राजगढ़। राजगढ़ नगर पालिका के वार्ड क्रमांक-2 से निर्वाचित पार्षद एवं वर्तमान नगर पालिका अध्यक्ष विनोद साहू के निर्वाचन को लेकर शिकायत सामने आई है। वार्ड क्रमांक-14 के पार्षद मोहित तंवर ने जिला निर्वाचन अधिकारी को शिकायत देकर लगाया आरोप लगाया। निर्वाचन के दौरान प्रस्तुत शपथ-पत्र में महत्वपूर्ण तथ्यों को छुपाया गया।
READ MORE: मंगलनाथ मंदिर में भक्त ने की 50 लाख की चांदी दान: नई जलाधारी धारण कर भगवान भक्तों को दे रहे दर्शन, श्रद्धालुओं में दिखा अलग उत्साह
शिकायत में BPL सूची में नाम, करीब 1 करोड़ की संपत्ति घोषित करने तथा वर्ष 2010 में आपराधिक मामले में जेल में रहने की जानकारी शपथ-पत्र में नहीं बताए जाने का आरोप हैं। मामले में जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने जिला शहरी विकास अभिकरण के परियोजना अधिकारी को जांच कर एक सप्ताह में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
शिकायतकर्ता ने जांच के बाद आरोप सही पाए जाने पर विनोद साहू का निर्वाचन निरस्त (शून्य) करने एवं वैधानिक कार्रवाई की मांग की है। अब सबकी निगाहें जांच रिपोर्ट पर टिकी हुई है। क्या नगर पालिका अध्यक्ष के निर्वाचन पर होगी कार्रवाई? शिकायतकर्ता ने उचित कार्रवाई नहीं होने पर हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाने की बात भी कही है।
नगर पालिका अध्यक्ष विनोद साहू ने किया पलटवार
वहीं नगर पालिका अध्यक्ष विनोद साहू ने पलटवार करते हुए कहा कि मोहित तंवर ने मुझ पर आरोप लगाया है कि मेरा BPL कार्ड है और मैंने आयुष्मान से इलाज कराया है। दोनों आरोप झूठे हैं। BPL के लिए मैंने खुद जांच के लिए दे दिया है। मैंने 2012 में ही SDM को लिखकर दे दिया था कि मेरा नाम हटाओ, आज भी लिस्ट में है तो मेरी गलती नहीं है। मैं कोई राशन नहीं ले रहा। आयुष्मान वाला आरोप तो और झूठा है, मैं बेहोश था तो किसी ने अंगूठा लगवा दिया होगा, मैंने 70 हजार नगद बिल भरा है।
मोहित तंवर कांग्रेस के पार्षद हैं, नासमझ हैं, अभी नए हैं। मैं उनसे कहना चाहता हूं कि बच्चागिरी वाली राजनीति बंद करें और तथ्यों के साथ बात करें। साढ़े चार साल बाद आपको ये सब याद आ रहा है? हमारी और मोदी जी की योजना गरीब को अमीर बनाती है। आप मेरी छवि धूमिल करने के लिए प्रेस वार्ता कर रहे हैं और पैसे की डिमांड कर रहे हैं, ये गलत है। मैं भी चुनाव लडूंगा और आप भी लड़ना, जिस वार्ड से आप लड़ेंगे मैं उसी वार्ड में सामने से चुनाव लडूंगा और जीत कर बताऊंगा क्योंकि मैंने राजगढ़ में काम किया है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

