सुरेश पांडेय, सिंगरौली। जिले के देवसर जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत कठदहा में मजदूरों की मजदूरी रोकने और वित्तीय अनियमितताओं मामले में ग्रामीणों कलेक्ट्रेट पहुंचे। कलेक्टर से शिकायत और सरपंच-सचिव को धारा 40 का नोटिस जारी होने के एक महीने बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से प्रशासन की कार्यप्रणाली पर ही सवाल खड़े हो रहे हैं।

कागजों पर निर्माण और घटिया गुणवत्ता के आरोप

कलेक्ट्रेट के चक्कर काटने को मजबूर ग्रामीणों का आरोप है कि नदी पर चेकडैम, पुलिया और सीसी रोड जैसे निर्माण कार्यों में व्यापक स्तर पर धांधली की गई है। कई कार्य केवल कागजों पर पूरे दिखाकर राशि का आहरण कर लिया गया, तो वहीं निर्मित चेकडैम पहली ही बारिश में क्षतिग्रस्त हो गया। स्थानीय मजदूरों का कहना है कि उन्होंने कड़ी मेहनत की, लेकिन उन्हें 10 से 15 दिनों की मजदूरी तक का भुगतान नहीं किया गया है।

नोटिस के बाद भी ठंडे बस्ते में जांच

ग्रामीणों की शिकायत पर पंचायत पदाधिकारियों को धारा 40 के तहत नोटिस तो जारी कर दिया गया, लेकिन एक महीने से अधिक समय बीत जाने के बाद भी कोई कड़ा एक्शन नहीं लिया गया है। ग्रामीण आज भी दफ्तरों के चक्कर लगाने और निष्पक्ष कार्रवाई का इंतजार करने को विवश हैं।

यूं ही भटकते रहेंगे

मामले में सिंगरौली के अपर कलेक्टर पी.सी. त्रिपाठी ने जांच के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई करने की बात कही है। अब देखना यह होगा कि जिला प्रशासन इस मामले में दोषियों पर क्या कड़ी कार्रवाई करता है या फिर जांच की फाइलें दफ्तरों में ही धूल फांकती रहेंगी और मजदूर अपनी हक की कमाई के लिए यूं ही भटकते रहेंगे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m