Bihar Politics: बिहार में राबड़ी आवास को लेकर एक बार फिर से सियासत गरमाती हुई नजर आ रही है। दरअसल भवन निर्माण विभाग की ओर से पूर्व सीएम राबड़ी देवी को पटना स्थित 10, सर्कुलर रोड के सरकारी आवास को 15 दिनों के भीतर खाली करने का सख्त निर्देश दिया गया है।

आवास संख्या-39 होगा नया ठिकाना

जारी आदेश में यह भी कहा गया है कि यदि निर्धारित समय के अंदर आवास को खाली नहीं किया जाता है, तो कार्रवाई भी की जा सकती है। जारी आदेश के अनुसार राबड़ी देवी को अब हार्डिंग रोड स्थित केंद्रीय पूल का आवास संख्या-39 आवंटित किया गया है।

नवंबर 2025 में भी जारी हुआ था आदेश

गौरतलब है कि लालू परिवार लंबे समय से 10, सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास में रह रहा है, जिसे अब राबड़ी आवास के नाम से भी जाना जाता है। इससे पहले जब नवंबर 2025 में चुनाव के बाद नीतीश कुमार की नई सरकार बनी थी। तब भी उस समय 25 नवंबर को आवास खाली करने हेतु भवन निर्माण विभाग द्वारा आदेश जारी किया गया था, जिसे लेकर खूब सियासत भी देखने को मिली थी।

सम्राट के सीएम बनने पर फिर से मिला नोटिस

दिसंबर के अंत में राबड़ी आवास से धीरे-धीरे सामान भी शिफ्ट होने लगा था। हालांकि समय के साथ यह मामला शांत पड़ गया। वहीं, अब जब नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के बाद सम्राट चौधरी ने सीएम पद की शपथ ली है। तो एक बार फिर से राबड़ी देवी को आवास खाली करने हेतु नोटिस जारी किया गया है। इस मामले में एक बार फिर से सियासत तेज हो सकती है।

दो दशक से यहां रह रहा है लालू परिवार

आपको बता दें कि 1997 में जब राबड़ी देवी बिहार की मुख्यमंत्री बनी तब उन्हें सरकारी आवास नंबर 1, अणे मार्ग आवंटित किया गया था. वहीं, 2005 में राबड़ी देवी जब नेता प्रतिपक्ष बनीं, तब भी उन्हें 10, सर्कुलर रोड आवास अधिकृत रूप से आवंटित किया गया, जिसे बाद में राबड़ी आवास के नाम से जाना जाने लगा। लगभग 27 साल से लालू परिवार का यही ठिकाना स्थायी बना हुआ था, जिसे अब भवन निर्माण विभाग ने खाली करने का निर्देश जारी किया है।

ये भी पढ़ें- विक्रमशिला सेतु मामले में सरकार का बड़ा एक्शन, कार्यपालक अभियंता निलंबित, जानें कब तक बनकर होगा तैयार?