रविंद्र कुमार भारद्वाज, रायबरेली. लालगंज में रविवार सुबह घने कोहरे के कारण लालगंज कोतवाली क्षेत्र के बहाई गांव (लालबेग का पुरवा मोड़) के पास बड़ा सड़क हादसा हो गया. सड़क किनारे खड़े डंपर में पीछे से आ रहा कोयला लदा ट्रक जा घुसा, जिससे ट्रक में सवार होमगार्ड जवान रामनाथ यादव (55 वर्ष, निवासी परसादखेड़ा सगुनी, खींरो थाना क्षेत्र) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई.

इस जबरदस्त सड़क हादसे में ट्रक चालक फैसल अख्तर और परिचालक, क्लीनर अनस भी गंभीर रूप से घायल हो गए. दोनों ही प्रतापगढ़ के रहने वाले बताए जा रहे हैं.

इसे भी पढ़ें : रफ्तार का कहर : स्कूल बच्चों से भरी वैन हादसे का शिकार, 9 बच्चे गंभीर रूप से घायल

घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया. उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है. हादसा डलमऊ रोड पर हुआ, जहां होमगार्ड ड्यूटी से लौट रहे थे और ट्रक से लिफ्ट ली थी. कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम थी, जिसे हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है.