रविंद्र कुमार भारद्वाज, रायबरेली. शहर क्षेत्र स्थित फिरोज गांधी डिग्री कॉलेज के गेट के बाहर समाजवादी पार्टी छात्र सभा का सदस्यता अभियान शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा. छात्र सभा के कार्यकर्ताओं ने दोबारा सदस्यता अभियान शुरू किया. अभियान को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है. पुलिस अधिकारी और जवान पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए हैं.
दरअसल, गुरुवार को भी फिरोज गांधी डिग्री कॉलेज के बाहर सपा छात्र सभा की ओर से सदस्यता अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) और छात्र सभा से जुड़े छात्रों के बीच विवाद हो गया था. विवाद के बाद दोनों पक्ष पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंच गए और वहां विरोध-प्रदर्शन किया. इससे कार्यालय परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बन गई थी. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को मौके से हटाया था.
इसे भी पढे़ं : भाजपा जाएगी, नौकरी आएगी! UPSSSC के अभ्यर्थियों को मिला अखिलेश यादव का समर्थन, जानिए सभी भर्तियों में Waiting List को लेकर क्या कहा?
घटना के बाद समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया के माध्यम से पूरे घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया व्यक्त की थी. वहीं, शुक्रवार को लखनऊ से एक प्रतिनिधिमंडल के रायबरेली पहुंचने की भी चर्चा है. प्रतिनिधिमंडल के डिग्री कॉलेज चौराहा पहुंचने की बात कही जा रही है. प्रतिनिधिमंडल के आने से पहले ही छात्र सभा के कार्यकर्ताओं ने उसी स्थान पर सदस्यता अभियान दोबारा शुरू कर दिया. इसे देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है. कॉलेज गेट के आसपास पुलिस बल की तैनाती के साथ ही आने-जाने वालों पर भी नजर रखी जा रही है. फिलहाल मौके पर स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है.
नगर कोतवाल को हटाने की मांग पर अड़े जिलाध्यक्ष
समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष वीरेंद्र यादव ने कहा कि जब तक नगर कोतवाल को हटाया नहीं जाता, तब तक उनका प्रदर्शन जारी रहेगा. उन्होंने पुलिस प्रशासन पर कार्रवाई को लेकर सवाल उठाते हुए नगर कोतवाल को हटाने की मांग दोहराई. वहीं, पुलिस प्रशासन की ओर से कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था किए जाने की बात कही जा रही है. कॉलेज गेट के बाहर सदस्यता अभियान और पुलिस तैनाती के चलते क्षेत्र में राजनीतिक हलचल बनी हुई है.



