रविंद्र भारद्वाज, रायबरेली. शहर कोतवाली क्षेत्र के अहिया रायपुर में शुक्रवार को पटाखों से जुड़े धमाके के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. पटाखों के भंडारण की वैधता और धमाके के कारणों की पुलिस जांच कर रही है.
शुरुआती जानकारी में बताया गया कि एक मकान में रखे पटाखों में जोरदार विस्फोट हुआ. धमाके से आसपास के मकानों को नुकसान पहुंचने, पास की मस्जिद की दीवार में दरार आने और खिड़कियों के शीशे टूटने की बात भी सामने आई. हालांकि, मौके पर पहुंची पुलिस ने मस्जिद और आसपास की इमारतों को नुकसान होने से इनकार किया. उनके अनुसार, मकान की छत पर आग के निशान और पटाखों के अवशेष मिले, जबकि छत की दीवार पर कुछ निशान थे.
इसे भी पढ़ें : Breaking: वाराणसी में पटाखा फैक्ट्री में जोरदार धमाका, भरभराकर गिरी बिल्डिंग; मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका
पुलिस का कहना है कि पूछताछ में मकान से जुड़े लोगों ने पटाखों को पिछले साल के बचे हुए बताया. उनका कहना था कि इन्हें दीपावली के लिए सुखाने रखा गया था. पुलिस इस दावे की पुष्टि कर रही है और यह भी जांच कर रही है कि पटाखों का भंडारण नियमों के अनुसार था या नहीं.
घटना के बाद त्रिपुला चौकी पुलिस की सक्रियता और कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं. स्थानीय स्तर पर पूछा जा रहा है कि यदि मकान में पटाखे रखे गए थे, तो इसकी जानकारी पहले क्यों नहीं हुई. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पटाखों के स्रोत, आग लगने के कारण और नुकसान की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी. यदि किसी के खिलाफ नियमों के उल्लंघन के प्रमाण मिले, तो कार्रवाई की जाएगी।

