रविंद्र कुमार भारद्वाज, रायबरेली. सलोन विधानसभा क्षेत्र में भीषण गर्मी और लंबी बिजली कटौती से जनता की परेशानी को देखते हुए भाजपा विधायक अशोक कोरी ने बिजली विभाग के उच्च अधिकारियों को फोन पर सख्त चेतावनी दी है. आधी रात को अधिकारियों से बात करते हुए विधायक ने सरकार की छवि को धूमिल करने वाली लापरवाही पर नाराजगी जताई.

विधायक अशोक कोरी ने कहा लगातार कुछ दिनों से सलोन विधानसभा के विभिन्न क्षेत्रों से बिजली व्यवस्था को लेकर शिकायतें मिल रही थीं. कुछ अधिकारियों द्वारा जनता की समस्याओं के प्रति दिखाई जा रही लापरवाही न केवल आम जनमानस को परेशान कर रही थी, बल्कि सरकार की ‘जन-सेवा’ वाली छवि को भी धूमिल कर रही थी.

इसे भी पढ़ें : यूपी में बिजली की मांग-खपत ने बनाया नया रिकॉर्ड, ऊर्जा मंत्री एके शर्मा का बड़ा बयान, कहा- प्रदेश में 30,160 मेगावाट की पीक डिमांड पूरी

शिकायत पर संज्ञान लेते हुए अशोक कोरी ने आधी रात को ही डीई बिजली घर के एसडीओ से बात की और उन्हें त्वरित सुधार करने का कड़ा निर्देश दिया. उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि रोज 8-8 घंटे 6-6 घंटे बिजली कटौती हो रही है. इतने लंबे समय तक आप लोग बिजली नहीं दे पा रहे हैं. इतनी कटौती करने तो सरकार ने नहीं बोला है. उन्होंने अधिकारी को चेताया कि किसी भी स्तर पर ढिलाई या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. विधायक ने कहा रोस्टर के हिसाब से ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली नहीं दी जा रही है. बिजली कटौती से जनता त्राहि-त्राहि कर रही है.

सरकार को बदनाम करने में तुले हुए हैं क्या- विधायक

ग्रामीण क्षेत्रों में दिन में कई घंटे बिजली न आने से खेती, घरेलू कार्य बुरी तरह प्रभावित हो रही है. तापमान 45 डिग्री से पार पहुंचने के बावजूद बिजली आपूर्ति बेहद खराब बनी हुई है. विधायक ने एसडीओ को कहा कि क्या आप लोग जानबूझकर ऐसा करते हैं? इतनी कटौती कैसे हो रही है? सरकार को बदनाम करना चाहते हैं. क्या मॉनिटरिंग करते हैं आप लोग. कोई फोन तक नहीं उठाते हैं. आप लोग फोन ब्लॉक कर देते हैं. उपभोक्ता शिकायत कराए तो कहां कराए? अगर मैं लोगों के लिए 24 घंटा जाग सकता हूं तो आपको भी अपने कार्यक्षेत्र में जाना पड़ेगा. इतनी भी समस्या नहीं है जितनी आप लोग पब्लिक को दे रहे हैं. पहले भी आप ही के बिजली घर की शिकायत आ चुकी है. ऐसा न हो कि विधायक को 24 घंटे बिजली घर में खड़े रहना पड़े.