रविंद्र भारद्वाज, रायबरेली. बछरावां थाना क्षेत्र में सर्राफा कारोबारी से हुई लूट का पुलिस ने महज 36 घंटे में खुलासा कर दिया. बछरावां पुलिस, एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने घटना में शामिल छह आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूट का सामान और वारदात में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार बरामद की है. पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है.

पुलिस के मुताबिक, बछरावां थाना क्षेत्र के ओमनगर निवासी ऋषि कुमार सोनी की शिवगढ़ क्षेत्र के असहन जगतपुर गांव में ज्वेलरी की दुकान है. 26 सितंबर की शाम दुकान बंद कर वह मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे. तिलेण्डा स्थित जिलेदार गेस्ट हाउस से करीब 500 मीटर आगे स्विफ्ट डिजायर कार सवार बदमाशों ने उन्हें ओवरटेक कर रोक लिया. विरोध करने पर बदमाशों ने उनके सिर पर डंडे से वार कर दिया और पीठ पर टंगा बैग छीनकर फरार हो गए. बैग में करीब 650 ग्राम सफेद धातु और 11 ग्राम पीली धातु के आभूषण बताए गए थे. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची. पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल का निरीक्षण कर घटना के शीघ्र खुलासे के लिए बछरावां पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम को लगाया.

इसे भी पढ़ें : ‘आप कम्प्लीट वुमन हो, आपको IAS बनवाऊंगा’, महिला बैंककर्मी को ‘पर्सनल मैसेज’ करने वाला सपा नेता गिरफ्तार

टीमों ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई.
पुलिस ने 28 सितंबर को थाना क्षेत्र से सौरभ शर्मा, आयुष कुमार गौड़ उर्फ अंशुमान, कृष्णा कुमार यादव, अभय रस्तोगी उर्फ हर्ष रस्तोगी, राजनायक यादव और ओम सिंह उर्फ शुभम सिंह को गिरफ्तार किया. पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सौरभ शर्मा ने बताया कि वह लखनऊ में बीएससी ओटीटी का कोर्स कर रहा है. पढ़ाई और अन्य खर्चों के लिए उसे करीब 50 हजार रुपये की जरूरत थी. इसी रकम की व्यवस्था करने के लिए उसने अपने साथियों के साथ लूट की योजना बनाई.

आरोपियों ने गूगल मैप के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में सुनार की दुकानों की तलाश की और असहन जगतपुर स्थित शिव ज्वैलर्स को निशाना बनाया. 23 सितंबर को दुकान की रेकी करने के बाद 26 सितंबर को उन्होंने वारदात को अंजाम दिया. पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) की बढ़ोतरी कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.