रविंद्र भारद्वाज, रायबरेली. खंड शिक्षक एमएलसी, लखनऊ और खंड स्नातक एमएलसी, लखनऊ के 23 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित मतदान को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने की मांग को लेकर समाजवादी पार्टी के नेताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी से मुलाकात की. प्रतिनिधिमंडल ने इस संबंध में ज्ञापन सौंपकर संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान केंद्रों पर पर्याप्त अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने की मांग की.
ज्ञापन में कहा गया कि मतदान के दौरान किसी भी मतदाता को भय, दबाव या किसी अन्य बाधा का सामना न करना पड़े. सभी मतदाता स्वतंत्र रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें, इसके लिए आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था पहले से सुनिश्चित की जाए. नेताओं ने प्रशासन से मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और पारदर्शी बनाए रखने के लिए उचित कदम उठाने का आग्रह किया.
इसे भी पढ़ें : सपनों की उड़ान: नीति दुबे बनीं एक दिन की जिलाधिकारी, बोलीं- ‘इस पल को ताउम्र नहीं भूलूंगी
सपा नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती जनता के विश्वास और मताधिकार की सुरक्षा पर निर्भर करती है. चुनाव प्रक्रिया में निष्पक्षता बनाए रखना प्रशासन की जिम्मेदारी है और प्रत्येक मतदाता को बिना किसी दबाव या भय के मतदान का अवसर मिलना चाहिए. उन्होंने मांग की कि मतदान केंद्रों की संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किया जाए, ताकि मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके.
ज्ञापन के माध्यम से पार्टी नेताओं ने चुनावी व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रशासन से आवश्यक सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की हैं.

