रविंद्र कुमार भारद्वाज, रायबरेली. महराजगंज क्षेत्र के रायबरेली मार्ग पर शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया. एस. जे. एस. स्कूल से छुट्टी के बाद बच्चों को घर छोड़ने जा रही स्कूल वैन कुबना के सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कार से टकरा गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि वैन में सवार 9 बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए.

वहीं इस हादसे में कार अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी. हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों, एंबुलेंस और विद्यालय कर्मचारियों ने तत्काल कार्रवाई की. घायल बच्चों को निकालकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया. जहां प्राथमिक उपचार के बाद अधिकांश बच्चों की हालत स्थिर बताई गई और उन्हें घर भेज दिया गया.

इसे भी पढ़ें : दर्दनाक मौत : आगरा में कंटेनर ने दो ऑटो को रौंदा, 5 की मौत, दो की हालत गंभीर

हालांकि, जमुनीपुर शिवगढ़ निवासी अरुणिमा सिंह (12 वर्ष) की हालत गंभीर होने के कारण उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया. घायल बच्चों की सूची में अरुणिमा सिंह (12), अदिति सिंह (9), आदर्श (13), शिफा (13), आराध्या श्रीवास्तव (16), शिवानी (14), तनिष्क (13), स्वप्निल और कार्तिक (6) का नाम शामिल है. ये बच्चे जमुनीपुर, पूरे बरियार बसंतपुर, लोनार और गणेशगंज शिवगढ़ के निवासी हैं.