पटना। तमिलनाडु की धरती से कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बिहार की राजनीति और नीतीश कुमार के हालिया फैसलों पर तीखा हमला बोला है। राहुल ने चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए दावा किया कि बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ‘कम्प्रोमाइज्ड’ (समझौतावादी) हो गए थे और उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के भारी दबाव के आगे घुटने टेक दिए।
राहुल गांधी के आरोप
राहुल गांधी ने कहा कि नीतीश कुमार ने भाजपा के डर से मुख्यमंत्री की गद्दी छोड़ी है। उन्होंने आरोप लगाया कि नीतीश ने भाजपा के खिलाफ एक शब्द भी नहीं बोला और चुपचाप पद त्याग कर राज्यसभा चले गए। राहुल ने तमिलनाडु की जनता को आगाह करते हुए कहा, हम तमिलनाडु में भाजपा को ऐसी सरकार बनाने की अनुमति कभी नहीं देंगे, जिसे वे दिल्ली से अपने इशारों पर नचा सकें। राहुल के अनुसार, नीतीश का पीछे हटना उनके सिद्धांतों से समझौते का प्रमाण है।
JDU का तीखा जवाब
राहुल गांधी के बयानों पर जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। प्रवक्ता नीरज कुमार ने पलटवार करते हुए कहा कि नीतीश कुमार के साथ छोड़ते ही कांग्रेस और उसके सहयोगी ‘औंधे मुंह’ गिर गए हैं। उन्होंने व्यक्तिगत हमला करते हुए कहा कि हताशा का आलम यह था कि राहुल गांधी, लालू यादव के घर जाकर मटन बनाने लगे, जिससे उन्होंने गांधी परिवार की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाई है।
नीरज कुमार ने स्पष्ट किया कि नीतीश कुमार पर कोई दबाव नहीं डाल सकता क्योंकि उन पर राहुल गांधी की तरह ED या CBI का कोई मामला नहीं है। उन्होंने नीतीश को एक ‘क्लाइमेट लीडर’ बताते हुए कहा कि संख्या बल कम होने के बावजूद उन्होंने अपनी योग्यता के दम पर बिहार का नेतृत्व किया है।
भाजपा का रुख: ‘जनता कांग्रेस को नकार चुकी है’
बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने राहुल गांधी के दावों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि देश की जनता अब राहुल गांधी की बातों को गंभीरता से नहीं लेती। सरावगी के अनुसार, हार के डर से कांग्रेस नेतृत्व बौखलाया हुआ है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नीतीश कुमार ने राज्यसभा जाने का फैसला अपनी स्वेच्छा से लिया है और इसमें किसी प्रकार के दबाव की बात निराधार है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

