कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को गोवा दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने वोट चोरी का आरोप लगाते हुए कहा कि वह हर राज्य में यह मुद्दा उठाते हैं, लेकिन उनके खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं किया जाता। राहुल ने दावा किया कि सरकार की एक्सपायरी डेट नजदीक आ रही है और देश का युवा अब उसके खिलाफ खड़ा हो रहा है।
राहुल गांधी गोवा में कांग्रेस के जनसंपर्क अभियान ‘गोय राखोन यात्रा’ के समापन कार्यक्रम में शामिल हुए। कांग्रेस की यह यात्रा 28 दिनों तक चली। चार साल बाद गोवा पहुंचे राहुल ने आगामी 2027 विधानसभा चुनाव से पहले राज्य में भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और जमीन से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
‘दिल्ली में PM और गृहमंत्री से निपट लेंगे’
राहुल गांधी ने कहा, “मैं हर स्टेट से कहता हूं कि पीएम वोट चोरी करते हैं, लेकिन मुझ पर कोई केस दर्ज नहीं होता।” उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार कानूनी कार्रवाई से इसलिए बचती है, क्योंकि मामला कानूनी प्रक्रिया में जाने पर उसके लिए मुश्किलें खड़ी हो सकती हैं।
उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस दिल्ली में प्रधानमंत्री और गृहमंत्री के खिलाफ अपनी लड़ाई जारी रखेगी। राहुल के मुताबिक, सरकार के खिलाफ राजनीतिक माहौल बदल रहा है और युवा वर्ग अब उसके सामने चुनौती पेश कर रहा है।
शिक्षा व्यवस्था में RSS के लोगों की नियुक्ति का आरोप
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि देश की शिक्षा व्यवस्था में बीजेपी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़े लोगों को महत्वपूर्ण पदों पर बैठाया जा रहा है। उन्होंने छात्रों के साथ हो रहे कथित दुर्व्यवहार का मुद्दा उठाते हुए शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए।
गोवा में भ्रष्टाचार और बेरोजगारी पर सरकार को घेरा
कांग्रेस नेता ने गोवा सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य में जमीन से जुड़े फैसलों का फायदा आम लोगों के बजाय अमीरों को मिल रहा है। उन्होंने दावा किया कि लोगों की जमीन लेकर बाहरी निवेशकों को बेचा जा रहा है।
राहुल ने गोवा में बेरोजगारी और मास्टर प्लान रद्द किए जाने का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस राज्य में कथित भ्रष्टाचार के मॉडल को खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है। गोवा में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले राहुल गांधी के इन बयानों को कांग्रेस की चुनावी रणनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
SIR पर चुनाव आयोग में फूट! 10 महीने में 14 बार दो चुनाव आयुक्तों ने फैसलों पर जताई नाराजगी, जानकारी के बिना निर्णय लेने का लगाया आरोप
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

