शिखिल ब्यौहार, भोपाल। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गुरुवार को दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए। राहुल गांधी ने कहा कि मध्य प्रदेश समेत तीन राज्यों में चुनाव को प्रभावित किया गया और वोटों की चोरी हुई। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उधर, एमपी कांग्रेस ने राहुल की प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद सड़कों पर आंदोलन का ऐलान किया है।

राहुल गांधी के बयान के बाद मध्य प्रदेश में भी कांग्रेस और बीजेपी के बीच आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गया है। कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता जितेंद्र मिश्रा ने कहा कि राहुल गांधी पहले भी आरोप लगा चुके हैं कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार बीजेपी की मदद कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के दो चुनाव आयुक्तों की ओर से भी कुछ फैसलों को लेकर आपत्ति जताए जाने की बात सामने आई है। मिश्रा ने बताया  कि पश्चिम बंगाल में बड़ी संख्या में वोट काटे गए और चुनाव आयोग ने बीजेपी को फायदा पहुंचाया। मध्यप्रदेश में भी चुनाव प्रभावित किया गया। मामले को लेकर कांग्रेस अब सड़कों पर उतरेगी।

वहीं बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता दुर्गेश केसवानी ने कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का काम सिर्फ आरोप लगाना रह गया है। मध्य प्रदेश आते हैं तो भी आरोप लगाते हैं और दूसरे राज्यों में जाते हैं तो भी आरोप लगाते हैं। केसवानी ने कहा कि राहुल गांधी सिर्फ राजनीति कर रहे हैं और उनके पास इसके अलावा कुछ नहीं है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m