Rahul Gandhi Students Ki Goonj: कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। 19 सितंबर 2026 को इंदौर में हुए कार्यक्रम में राहुल गांधी ने छात्रों और युवाओं से शिक्षा, पेपर लीक, भर्ती, रोजगार, छात्रवृत्ति और हॉस्टल जैसे मुद्दों पर संवाद किया। इसी दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मिमिक्री और उनकी मां को लेकर किए गए व्यंग्यात्मक संदर्भ पर भाजपा नेताओं ने आपत्ति जताई। अब भाजपा नेता राजेंद्र राठौड़ ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा है कि कांग्रेस को उनके इस आचरण पर शर्म आनी चाहिए।

राजेंद्र राठौड़ ने राहुल गांधी पर क्या कहा?

भाजपा नेता राजेंद्र राठौड़ ने कहा कि राहुल गांधी ने छात्रों से बातचीत के दौरान जिस तरह की टिप्पणियां कीं, वह शर्मनाक हैं। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी को उन पर शर्म आनी चाहिए। राठौड़ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मिमिक्री और उनकी मां से जुड़े संदर्भ का जिक्र करते हुए कहा कि इससे ज्यादा दुर्भाग्यपूर्ण कुछ नहीं हो सकता। उन्होंने यह भी कहा कि इसी तरह के व्यवहार की वजह से लोग राहुल गांधी को गंभीरता से नहीं लेते।

इंदौर में हुआ था ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम

राहुल गांधी का यह कार्यक्रम 19 सितंबर को इंदौर में राजीव गांधी सर्किल के पास क्षेत्रीय पार्क के सामने स्थित IDA मैदान में हुआ था। ‘छात्रों की गूंज’ अभियान का यह पांचवां कार्यक्रम था। इससे पहले कोटा, देहरादून, प्रयागराज और पुणे में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। कार्यक्रम में छात्रों और युवाओं ने अपनी पढ़ाई और करियर से जुड़ी परेशानियां राहुल गांधी के सामने रखीं। छात्रों ने शिक्षा व्यवस्था, रोजगार, भर्ती परीक्षाओं में देरी, पेपर लीक, छात्रवृत्ति और हॉस्टल से जुड़े सवाल उठाए।

प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर भी छात्रों ने अपनी चिंताएं साझा कीं। राहुल गांधी ने छात्रों से सवाल पूछते रहने और व्यवस्था से जवाब मांगने की बात कही। यह संवाद करीब एक घंटे चला।

PM मोदी की मिमिक्री के बाद बढ़ा विवाद

कार्यक्रम के दौरान कॉमेडियन पुलकित मणि ने मंच पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बोलने के अंदाज और विदेशी नेताओं से मुलाकात से जुड़े प्रसंगों की मिमिक्री की। एक्ट में माय फ्रेंड जैसे जुमलों के साथ एक बुजुर्ग महिला और कुर्सी से जुड़े प्रसंग का भी व्यंग्यात्मक अंदाज में जिक्र किया गया।

इस दौरान राहुल गांधी मंच पर हंसते हुए नजर आए। इसके बाद भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी दिवंगत मां का मजाक उड़ाने वाले एक्ट का समर्थन किया गया। इसी को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच बयानबाजी शुरू हो गई है।

विवाद के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज

‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम का मूल फोकस छात्रों से संवाद और शिक्षा व रोजगार से जुड़े मुद्दों पर था। लेकिन कार्यक्रम में हुए व्यंग्यात्मक एक्ट के बाद राजनीतिक विवाद सामने आया। भाजपा नेताओं की ओर से राहुल गांधी की मौजूदगी और प्रतिक्रिया को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। वहीं, इस पूरे विवाद के बीच कांग्रेस और भाजपा नेताओं के बीच बयानबाजी तेज हो गई है।

पढ़ें ये खबरें