गुलशन कुमार, नारनौल। हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले के अरावली क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ वन और खनन विभाग की कार्रवाई जारी है। बायल क्षेत्र में अवैध खनन की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची तो वहां मौजूद लोग अपने वाहनों के साथ भागने लगे। इसी दौरान JCB चालक ने भी मशीन लेकर भागने की कोशिश की। वन विभाग के कर्मचारियों ने बाइक से उसका पीछा किया। इसके बाद चालक चलती JCB छोड़कर मौके से फरार हो गया।

JCB चालक मशीन से कूदकर भागा
घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है। इसमें JCB चालक मशीन से कूदकर भागता दिखाई दे रहा है। चालक के उतरने के बाद JCB पीछे की ओर चलती है और वन विभाग के कर्मचारी की बाइक पर चढ़ जाती है।
वन विभाग का कर्मचारी समय रहते बाइक से कूद गया और उसकी जान बच गई। घटना में किसी कर्मचारी के घायल होने की जानकारी नहीं है।
वन विभाग ने पुलिस को दी सूचना
वन विभाग के रेंज अधिकारी रजनीश यादव ने बताया कि अरावली क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत टीम बायल क्षेत्र में पहुंची थी। टीम को देखते ही अवैध खनन में शामिल लोग मौके से भागने लगे।
उन्होंने बताया कि घटना के दौरान वनरक्षक ने समय रहते मोटरसाइकिल से कूदकर अपनी जान बचाई। मामले की सूचना निजामपुर थाना पुलिस को दे दी गई है। नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
खनन विभाग ने JCB कब्जे में ली
घटना की सूचना मिलने के बाद खनन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। खनन विभाग के गार्ड सुनील कुमार ने बताया कि उन्हें डायल 112 के जरिए घटना की जानकारी मिली थी। इसके बाद टीम मौके पर पहुंची।
सुनील कुमार के मुताबिक, JCB को अवैध खनन से जुड़े नियमों के तहत कब्जे में लिया गया है। उच्च अधिकारियों के निर्देश के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
JCB मालिक और आरोपियों की तलाश
अब पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहे हैं। जांच के बाद पता चलेगा कि अवैध खनन में कौन-कौन लोग शामिल थे। साथ ही मौके से बरामद JCB के मालिक की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

