देहरादून. पूर्व सीएम हरीश रावत के पीए के घर भारी मात्रा में कैश और ज्वैलरी मिलने की बात सामने आई है. जिसे लेकर हरीश रावत का बयान सामने आया है. वहीं मामले को लेकर हरीश रावत ने अपना पद छोड़ने तक की बात कह दी है. इसी बीच कार्रवाई को लेकर एक बार फिर हरीश रावत की प्रतिक्रिया सामने आई है.

हरीश रावत ने कहा कि यह एक चुनाव के दृष्टिकोण में रखकर क्योंकि उत्तराखंड में चुनाव होने हैं. यह एक कूट रचना है. कांग्रेस पार्टी उत्तराखंड में भी भ्रष्टाचार के सवाल को बहुत तेजी से उठा रही है और लोग जनमत जो भ्रष्टाचार से परेशान है, वह कांग्रेस के साथ जुड़ रहा है. इसलिए ध्यान हटाने के लिए ये ED की कार्रवाई हुई है.

इसे भी पढ़ें : हरीश रावत ने छोड़ी कांग्रेस? इस्तीफे की खबर के बीच पूर्व CM ने साफ की तस्वीर, कहा- मैं त्यागपत्र…

बता दें कि इससे पहले रावत ने कहा था कि यह सत्य है कि जीना मेरे ओएसडी रहे हैं और मैं जितने भी पदों पर रहा, चाहे पार्टी में रहा या सरकार में रहा, वह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभालते रहे हैं. जीना एक निहायती सज्जन, विनम्र और काम करने वाले व्यक्ति हैं. यदि ग्राम सेवकों की भर्ती में ओएमआर शीट के साथ छेड़छाड़ की और यदि इस तरीके की कोई भी गलती उन्होंने की है, उसके प्रमाण हैं तो उनके इस तथाकथित दुस्साहसिक कृत्य के लिए मैं लज्जित हूं. परंतु मुझे इस आरोप पर बिल्कुल विश्वास नहीं है.

पूर्व सीएम ने कहा था कि उत्तराखंड के चुनाव में भारी स्टेक्स हैं. मुझसे जब भी कोई व्यक्ति पूछता था कि चुनाव कब हो रहे हैं? तो मैं हंसी में उनसे कहता था कि भई चुनाव तब होंगे, जब सीबीआई मेरे दरवाजे पर दस्तक देने आएगी. यदि अभी नहीं आई है तो इसका अर्थ है कि चुनाव अगले वर्ष मार्च-अप्रैल में ही होंगे, लेकिन इस बार मेरे घर पर नहीं, मेरे एक सहयोगी के घर पर दस्तक देकर एक नरेटिव बनाने का प्रयास किया गया है. कांग्रेस पार्टी और कांग्रेस कार्यकर्ता भ्रष्टाचार के खिलाफ लामबंद होकर लड़ रहे हैं.