नितिन नामदेव, रायपुर। भारतीय रेलवे द्वारा यात्रियों को आधुनिक, त्वरित और सुविधाजनक डिजिटल सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विकसित ‘रेलवन’ ऐप (RailOne App) यात्रियों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। पिछले वर्ष जुलाई में लॉन्च किए गए इस एकीकृत मोबाइल ऐप को देशभर में करोड़ों लोग डाउनलोड कर चुके हैं और इसका उपयोग लगातार बढ़ रहा है।

RailOne App की प्रमुख विशेषताएं और लाभ
- इस ऐप के माध्यम से यात्री आरक्षित, अनारक्षित और प्लेटफॉर्म टिकट आसानी से बुक कर सकते हैं। साथ ही टिकट रद्द करने और रिफंड की प्रक्रिया भी सरल एवं त्वरित है।
- यात्रियों को पीएनआर स्टेटस, वेटिंग स्थिति, लाइव ट्रेन रनिंग स्टेटस, ट्रेन के आगमन और प्रस्थान का समय, प्लेटफॉर्म नंबर तथा कोच पोजिशन जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां रियल टाइम में उपलब्ध होती हैं।
- रेलवन ऐप सुरक्षित, तेज और सुविधाजनक डिजिटल भुगतान की सुविधा प्रदान करता है।
- डिजिटल टिकटिंग की सुविधा से यात्रियों का समय और श्रम दोनों बच रहे हैं। साथ ही टिकट काउंटरों पर भीड़ और लंबी कतारों से भी राहत मिल रही है।
- यात्री कहीं से भी अपने मोबाइल के माध्यम से आसानी से टिकट बुक कर सकते हैं।
- यह ऐप पारदर्शी और कैशलेस टिकटिंग व्यवस्था को बढ़ावा देता है तथा खुले पैसे और नकली मुद्रा (फेक करेंसी) जैसी समस्याओं से भी राहत दिलाता है।
- यात्रियों की सुविधा को और बेहतर बनाने के लिए रेलवन ऐप के माध्यम से यात्रा के दौरान भोजन ऑर्डर करने की सुविधा भी उपलब्ध है। यात्री अपनी पसंद का भोजन सीधे अपनी सीट तक मंगवा सकते हैं।
- रेलवन ऐप डिजिटल इंडिया अभियान को सशक्त बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
- रेलवन ऐप के माध्यम से अनारक्षित टिकट बुक कर डिजिटल भुगतान करने पर यात्रियों को 3 प्रतिशत की छूट भी दी जा रही है। यह सुविधा 24 अगस्त 2028 तक प्रभावी रहेगी।
रेलवे के अनुसार, रेलवन ऐप भारतीय रेल की सभी डिजिटल सेवाओं को एक ही मंच पर उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे यात्रियों को तेज, पारदर्शी और सुविधाजनक सेवाएं मिल रही हैं। रेलवे लगातार प्रयास कर रहा है कि अधिक से अधिक यात्रियों को डिजिटल टिकटिंग और आधुनिक सुविधाओं से जोड़ा जा सके।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


