अंबाला। रेलवे ग्रुप-D की शारीरिक दक्षता परीक्षा में फर्जी उम्मीदवार बनकर शामिल होने का मामला सामने आया है। अंबाला कैंट स्थित रेलवे स्टेडियम में चल रही भर्ती प्रक्रिया के दौरान AI कैमरों ने चेहरे की पहचान में गड़बड़ी पकड़ ली। जांच में सामने आया कि एक युवक दूसरे अभ्यर्थी के नाम पर शारीरिक परीक्षा देने पहुंचा था। मामला खुलते ही आरोपी रेलवे स्टेडियम की दीवार फांदकर फरार हो गया।

रेलवे भर्ती सेल, नई दिल्ली की ओर से अंबाला छावनी के रेल विहार स्थित रेलवे स्टेडियम में 22 सितंबर से 28 सितंबर तक ग्रुप-D के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा आयोजित की जा रही है। इसी दौरान 23 सितंबर को परीक्षा केंद्र पर संदिग्ध गतिविधि सामने आई।

जानकारी के अनुसार, टीटीआईपीएल के इंचार्ज ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि परीक्षा के दौरान लगाए गए AI कैमरों ने एक उम्मीदवार के चेहरे में विसंगति दर्ज की। कैमरे की जांच में सामने आया कि 23 सितंबर को सतीश कुमार पुत्र गुरमैल के नाम से परीक्षा देने पहुंचा युवक का चेहरा 22 सितंबर को परीक्षा दे चुके दीपक पुत्र चांद राम से मेल खा रहा था।

AI कैमरे से मिली जानकारी के बाद परीक्षा अधिकारियों ने संबंधित युवक से पूछताछ की। उसके पास मौजूद आधार कार्ड की जांच की गई तो संदेह और गहरा गया। अधिकारियों की जांच में सामने आया कि युवक सतीश कुमार के नाम पर परीक्षा देने पहुंचा था, जबकि उसकी पहचान दीपक के रूप में सामने आई।

खुद परीक्षा पास करने के बाद दूसरे के नाम पर पहुंचा

जांच में यह भी सामने आया कि दीपक ने 22 सितंबर को खुद के नाम से शारीरिक दक्षता परीक्षा दी थी। इसके अगले ही दिन वह सतीश कुमार बनकर परीक्षा देने पहुंच गया। अपनी पहचान छिपाने के लिए उसने 22 सितंबर को इस्तेमाल किए गए टैग नंबर 1292 के बजाय 23 सितंबर को टैग नंबर 0619 पहन रखा था।

फर्जीवाड़ा सामने आने के बाद दक्षता समिति ने आरोपी का बयान दर्ज किया और उसके हस्ताक्षर भी करवाए। इसी दौरान रेलवे पुलिस बल के जवान परीक्षा स्थल पर पहुंचे। पुलिस को देखते ही आरोपी मौके से भाग निकला और स्टेडियम की दीवार फांदकर फरार हो गया।

रेलवे अधिकारी की शिकायत पर केस दर्ज

मामले में रेलवे के सहायक कार्मिक अधिकारी सुरेश कुमार की शिकायत पर अंबाला कैंट के पड़ाव थाना में केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब फरार आरोपी दीपक की तलाश कर रही है। साथ ही पुलिस असली उम्मीदवार सतीश कुमार और दीपक की भूमिका की भी जांच कर रही है।

रेलवे प्रशासन की ओर से दोनों अभ्यर्थियों की उम्मीदवारी रद्द करने की कार्रवाई की जा रही है। वहीं, अंबाला रेल मंडल में चल रही ग्रुप-D की शारीरिक दक्षता परीक्षा के दौरान अब तक आठ संदिग्ध उम्मीदवारों को पुलिस की कार्रवाई का सामना करना पड़ा है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m