सीकर। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आज राजस्थान के सीकर स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर ट्रस्ट के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की। इस प्रतिनिधिमंडल में पूर्व सांसद (सीकर) सुमेधानंद सरस्वती और राजस्थान सरकार के शहरी विकास एवं आवास विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) झाबर सिंह खर्रा शामिल थे। श्री श्याम मंदिर समिति के प्रतिनिधि – शक्ति सिंह चौहान, मानवेंद्र सिंह चौहान और मोहन सिंह (दास) चौहान – भी इस मौके पर मौजूद थे।

बैठक के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने दुनिया भर में मशहूर खाटू श्याम जी मंदिर आने वाले बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के लिए रेल कनेक्टिविटी और यात्री सुविधाओं को और बेहतर बनाने के उपायों पर चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल ने बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने और तीर्थयात्रियों के यात्रा अनुभव को सुखद बनाने के लिए भारतीय रेलवे द्वारा किए जा रहे लगातार प्रयासों के लिए रेल मंत्री का आभार भी व्यक्त किया।

इस मौके पर रेल मंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि प्रस्तावित नए स्टेशन के निर्माण से खाटू श्याम जी जाने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर, सुरक्षित और अधिक सुविधाजनक रेल सेवाएं मिलेंगी। यह स्टेशन सीकर-रिंगस रेल खंड पर पलसाना और बावरी थिकरिया स्टेशनों के बीच विकसित किया जाएगा।

रेल मंत्री ने कहा कि इस परियोजना से जुड़ा तकनीकी काम सबसे पहले किया जाएगा। इसमें मौजूदा रेल लाइनों से संबंधित सभी इंजीनियरिंग और सिग्नलिंग कार्य, नई रेल लाइन का निर्माण और इसे मौजूदा नेटवर्क से जोड़ना शामिल होगा। इसके बाद स्टेशन भवन का निर्माण शुरू होगा।

प्रसिद्ध खाटू श्याम जी मंदिर से लगभग 11 किलोमीटर दूर बनने वाले इस स्टेशन भवन का डिज़ाइन राजस्थान की समृद्ध वास्तुकला और सांस्कृतिक विरासत के अनुरूप होगा। इसमें आधुनिक बुकिंग ऑफिस, बड़े वेटिंग हॉल, साफ-सुथरे शौचालय, यात्रियों के अनुकूल सुविधाएं और यात्रा को आरामदायक बनाने के लिए अन्य जरूरी सुविधाएं होंगी।

इस स्टेशन के विकास से हर साल खाटू श्याम जी आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के लिए रेल कनेक्टिविटी में काफी सुधार होने की उम्मीद है। यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के अलावा, यह परियोजना क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूत करेगी, पर्यटन को बढ़ावा देगी, स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को गति देगी और इस क्षेत्र में रेलवे के बुनियादी ढांचे को और बेहतर बनाएगी।

प्रस्तावित स्टेशन भारतीय रेलवे की उस प्रतिबद्धता को दर्शाता है जिसके तहत वह आधुनिक और यात्री-केंद्रित बुनियादी ढांचे का विकास कर रहा है और साथ ही तीर्थयात्रियों व स्थानीय समुदायों की बढ़ती यात्रा जरूरतों को भी पूरा कर रहा है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m