धनबाद। आद्रा रेल मंडल में चल रहे विकास कार्यों के चलते झारखंड और बंगाल के बीच रेल सेवाएं इस सप्ताह प्रभावित रहेंगी। इसका असर धनबाद, बोकारो, गोमो समेत बंगाल की ओर जाने वाले यात्रियों पर पड़ सकता है। रेलवे ने कई ट्रेनों के परिचालन में बदलाव और रद्द करने की सूचना जारी की है।

आद्रा रेल मंडल के अनुसार, 18, 21 और 23 अगस्त को चक्रधरपुर-गोमो एक्सप्रेस का परिचालन गोमो तक नहीं किया जाएगा। इन तारीखों पर ट्रेन महुदा तक ही चलेगी।

वापसी में भी ट्रेन गोमो से नहीं, बल्कि महुदा से चक्रधरपुर के बीच संचालित होगी। ऐसे में गोमो से ट्रेन पकड़ने या गोमो पहुंचने वाले यात्रियों को वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ सकती है।

भागा-आद्रा MEMU 23 अगस्त को रद्द

विकास कार्यों का असर MEMU ट्रेनों पर भी पड़ेगा। 23 अगस्त को भागा-आद्रा MEMU दोनों दिशाओं से रद्द रहेगी। इसके अलावा आसनसोल-आद्रा और आसनसोल-पुरुलिया समेत अन्य ट्रेनों के परिचालन में भी अलग-अलग दिनों में बदलाव किया गया है।

यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति जांचने की सलाह

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि सफर शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन के परिचालन की ताजा स्थिति जरूर जांच लें। खासकर गोमो, धनबाद, भागा, आसनसोल, आद्रा और पुरुलिया की ओर यात्रा करने वाले यात्रियों को ट्रेन के बदले हुए परिचालन को ध्यान में रखते हुए अपनी यात्रा की योजना बनाने की सलाह दी गई है।

विकास कार्यों के कारण अस्थायी रूप से किए गए इन बदलावों से यात्रियों को असुविधा हो सकती है, इसलिए रेलवे ने पहले से जानकारी लेकर स्टेशन पहुंचने की अपील की है।