रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर मंडल द्वारा टिकटधारी यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने, वैध टिकट लेकर यात्रा करने के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से 21 मई से 4 जून 2026 तक विशेष “नाका टिकट चेकिंग अभियान” चलाया गया। अभियान के दौरान 15 दिनों में कुल 2,836 मामलों में कार्रवाई करते हुए 18 लाख से अधिक रुपये का राजस्व प्राप्त किया गया।

narayana

यह अभियान दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक बिजय कुमार के निर्देश पर संचालित किया गया। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अवधेश कुमार त्रिवेदी के मार्गदर्शन तथा सहायक वाणिज्य प्रबंधक अविनाश कुमार आनंद के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के दौरान कुल 2,836 मामलों में कार्रवाई की गई, जिससे रेलवे को 18,09,165 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।

रायपुर और भाटापारा स्टेशन पर विशेष जांच

अभियान के तहत 4 जून 2026 को रायपुर और भाटापारा रेलवे स्टेशन पर विशेष नाका टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। इस अभियान में वाणिज्य निरीक्षक, मुख्य टिकट निरीक्षक एवं टीटीई शामिल रहे। विशेष जांच अभियान के दौरान यहां से गुजरने वाली ट्रेनों तथा प्लेटफॉर्मों पर सघन जांच की गई, जिसमें कुल 594 मामलों में कार्रवाई करते हुए 3,92,850 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

इनमें बिना टिकट यात्रा के 407 मामलों से 3,20,330 रुपये, अनियमित टिकट के 136 मामलों से 67,030 रुपये, बिना बुक किए गए लगेज के 11 मामलों से 1,390 रुपये तथा रेल परिसर में गंदगी फैलाने के 40 मामलों से 4,100 रुपये का जुर्माना शामिल है।

रेलवे की यात्रियों से अपील

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा प्रारंभ करने से पूर्व वैध यात्रा टिकट अवश्य लें तथा स्टेशन परिसर में प्रवेश के लिए प्लेटफॉर्म टिकट खरीदें। साथ ही रेलगाड़ियों एवं रेलवे परिसरों को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करें तथा गंदगी फैलाने और धूम्रपान जैसी गतिविधियों से बचें।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H