चंडीगढ़।

हरियाणा के दक्षिणी हिस्सों में मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। विशेष रूप से गुरुग्राम, महेंद्रगढ़, नूंह, पलवल और रेवाड़ी जिलों में कुछ स्थानों पर धूलभरी आंधी और हल्की वर्षा की संभावना जताई गई है। प्रदेश के अन्य जिलों में फिलहाल मौसम शुष्क बना रहेगा, लेकिन आगामी 10 मई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने वाला है। इस सिस्टम के प्रभाव से हरियाणा के मैदानी इलाकों में एक बार फिर मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।

तापमान की बात करें तो पिछले 24 घंटों में प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। वर्तमान में राज्य का पारा सामान्य से 5.8 डिग्री सेल्सियस नीचे बना हुआ है, जिससे झुलसाने वाली गर्मी से लोगों को थोड़ी राहत मिली है। बीते दिन सिरसा जिला 39.6 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश में सबसे गर्म रहा। हालांकि, यह राहत लंबे समय तक नहीं टिकने वाली है क्योंकि मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में तापमान में भारी बढ़ोतरी का पूर्वानुमान जताया है।

आने वाले दिनों में उत्तरी हरियाणा के जिलों जैसे करनाल, कुरुक्षेत्र और कैथल में पारा 38 से 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं, प्रदेश के मध्य और दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में तापमान 42 डिग्री तक जाने का अनुमान है। सबसे ज्यादा गर्मी दक्षिण-पश्चिमी और दक्षिण-पूर्वी क्षेत्रों में पड़ेगी, जहां तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के आंकड़े को छू सकता है। पानीपत और सोनीपत जैसे कुछ इलाकों को छोड़कर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अब भीषण गर्मी और लू का प्रकोप बढ़ने की आशंका है।