चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिला मुख्यालय चाईबासा में सोमवार रात से हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। शहर के कई निचले इलाकों में जलजमाव के कारण स्थिति गंभीर बनी हुई है। इसी बीच अमला टोला में भारी बारिश के कारण एक कच्चा मकान अचानक ढह गया। हादसे के वक्त घर में मौजूद चार लोग मलबे में दब गए, जिन्हें स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत-बचाव कर सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

अमला टोला में टला बड़ा हादसा

अमला टोला स्थित रिहाइशी मकान लगातार बारिश के कारण अचानक धंसकर गिर पड़ा। घर गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद मलबे में दबे चारों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही मंगलवार सुबह सदर अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) संजय कुमार और चाईबासा अंचल अधिकारी (CO) उपेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।प्रशासन ने प्रभावित परिवार को तत्काल नजदीकी धर्मशाला में ठहराने की व्यवस्था की है। यहां उनके रहने के साथ भोजन और पानी का भी इंतजाम किया गया है।

गुरुद्वारा रोड में सड़कें बनीं तालाब, गाड़ियां डूबीं

लगातार बारिश से गुरुद्वारा रोड समेत शहर के कई निचले इलाकों में हालात खराब हैं। नालियों और जलनिकासी के रास्तों का पानी सड़कों पर आ गया है। कई घरों में भी पानी घुस गया है।

जलजमाव इतना अधिक है कि सड़क किनारे खड़ी मोटरसाइकिलें पूरी तरह पानी में डूब गईं, जबकि कई चारपहिया वाहन भी पानी में फंसे नजर आए। लोगों को जरूरी सामान सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने और आवाजाही में काफी परेशानी हो रही है।

प्रशासन और नगर परिषद की टीमें अलर्ट

SDO संजय कुमार ने बताया कि देर रात से जारी बारिश के कारण शहर के निचले इलाकों में पानी भर गया है। प्रशासन और नगर परिषद की टीमें संवेदनशील इलाकों पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाएगा।नगर परिषद की टीम जलनिकासी के रास्तों में आई रुकावटों को दूर करने और राहत कार्य में जुटी हुई है।

कच्चे मकानों में रहने वालों को सतर्क रहने की अपील

प्रशासन ने विशेष रूप से कच्चे मकानों में रहने वाले परिवारों को सतर्क रहने और खतरा महसूस होने पर तत्काल सुरक्षित स्थान पर चले जाने का निर्देश दिया है। नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे अनावश्यक रूप से जलजमाव वाले क्षेत्रों में आवाजाही न करें और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल स्थानीय प्रशासन या कंट्रोल रूम को सूचित करें।