रांची। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र और राज्य में छाए मॉनसूनी बादलों के कारण झारखंड के कई हिस्सों में मंगलवार को जमकर बारिश हुई। राजधानी रांची में सबसे अधिक 56 मिमी बारिश दर्ज की गई। लगातार बारिश के कारण कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति बनी हुई है और जनजीवन प्रभावित हुआ है।

6 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट

मौसम विज्ञान केंद्र ने बुधवार को गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, लोहरदगा और गुमला में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।वहीं रांची में बुधवार को आसमान में बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है।

रांची में सामान्य से 1% ज्यादा बारिश

एक जून से 19 अगस्त 2026 तक रांची में सामान्य से करीब 1 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है। इस अवधि में सामान्य बारिश 707.7 मिमी मानी गई है, जबकि अब तक 713.4 मिमी बारिश दर्ज की गई है।

हालांकि पूरे झारखंड की स्थिति अभी भी सामान्य से कम है। राज्य में इस अवधि के दौरान सामान्य रूप से 689.8 मिमी बारिश होती है, जबकि अब तक 606.1 मिमी बारिश हुई है। यानी राज्य में बारिश अभी भी सामान्य से 12 प्रतिशत कम है।

जलजमाव से बढ़ी परेशानी

लगातार बारिश के कारण शहरों और ग्रामीण इलाकों में कई जगह जलजमाव हो गया है। नदियों और डैमों का जलस्तर भी बढ़ा है। इससे लोगों को आवागमन समेत रोजमर्रा के कामों में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

गुरुवार से मौसम में सुधार के आसार

मौसम विभाग के अनुसार, मॉनसूनी बादल अगले 12 घंटे में झारखंड और बिहार के ऊपर से पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए कमजोर हो सकते हैं। इसके प्रभाव से गुरुवार से राज्य के कई इलाकों में धीरे-धीरे मौसम साफ होने की संभावना है।