रोहतक। हरियाणा में शनिवार को बारिश का दौर जारी रहा। मौसम विभाग ने पूरे प्रदेश में बारिश का अलर्ट जारी किया है। हिसार, महेंद्रगढ़, फतेहाबाद, भिवानी, गुरुग्राम, रोहतक, सिरसा के डबवाली समेत कई इलाकों में बारिश हुई। प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में बूंदाबांदी भी दर्ज की गई।

रोहतक, झज्जर और फरीदाबाद में तेज बारिश के बाद जलभराव से हालात बिगड़ गए। कई इलाकों में सड़कें पानी में डूब गईं। लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा।
रोहतक में पानी में डूबने से बच्चे की मौत
रोहतक में बारिश के बाद एक खाली प्लॉट में पानी भर गया था। इसी पानी में डूबने से एक बच्चे की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
शहर के डी-पार्क क्षेत्र में भी भारी जलभराव देखने को मिला। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा की कोठी के सामने कई दुकानों के छज्जे गिर गए। वहीं, पूर्व मंत्री सुभाष बतरा के घर के पास वाली गली में भी पानी भर गया।
फरीदाबाद में टूटी दीवार, घरों में घुसा पानी
फरीदाबाद के ग्रीन फील्ड इलाके में खाली प्लॉट में पानी भरने से एक दीवार टूट गई। दीवार टूटने के बाद पानी दयालबाग इलाके के कई मकानों में घुस गया।
बारिश के बाद इलाके की स्थिति का ड्रोन वीडियो भी सामने आया है। इसमें कई कॉलोनियों की सड़कें पानी से भरी दिखाई दे रही हैं। स्थानीय लोगों को जलभराव के कारण काफी परेशानी हुई।
गुरुग्राम में बाइक कंधे पर उठाकर ले गए युवक
गुरुग्राम के धनवापुर रोड पर भारी बारिश के बाद जलभराव हो गया। पानी इतना बढ़ गया कि कई दोपहिया वाहन बंद हो गए। इसी दौरान कुछ युवकों को अपनी बाइक कंधे पर उठाकर पानी से बाहर ले जाते देखा गया।
झज्जर में जलघर की दीवार टूटी
झज्जर में रातभर हुई बारिश के बाद रेवाड़ी रोड स्थित जलघर की मुख्य दीवार टूट गई। इसके बाद बरसाती पानी जलघर परिसर में भर गया। इससे आसपास के इलाके में भी पानी जमा हो गया।
हिसार में भी सड़कों पर जलभराव
हिसार के पीएलए क्षेत्र में बारिश के बाद कई सड़कों पर पानी भर गया। इससे लोगों को आवाजाही में परेशानी हुई। प्रशासन की टीमें जलभराव वाले इलाकों में स्थिति पर नजर रख रही हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


