शिवम मिश्रा, रायपुर। राजधानी रायपुर कमिश्नरेट क्षेत्र में पिछले 12 घंटों के भीतर तीन अलग-अलग स्थानों पर शव मिलने से सनसनी फैल गई है। खमतराई थाना और पुरानी बस्ती थाना क्षेत्रों में सामने आए इन मामलों ने पुलिस प्रशासन को भी सतर्क कर दिया है। शुरुआती जांच में सभी मामलों में हत्या की आशंका जताई जा रही है।

WRS कॉलोनी में युवक की बेरहमी से हत्या
खमतराई थाना क्षेत्र स्थित WRS कॉलोनी के एक खुले मैदान में रविवार–सोमवार की दरमियानी रात एक अज्ञात युवक का शव खून से लथपथ हालत में मिला। स्थानीय लोगों ने जब शव देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची खमतराई पुलिस ने पाया कि युवक के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान हैं और काफी मात्रा में खून फैला हुआ है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या भारी पत्थर से सिर पर वार कर की गई है।

मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव की पहचान के लिए आसपास के थानों में गुमशुदगी के मामलों की जानकारी खंगालनी शुरू कर दी है। जांच के दौरान युवक के दाहिने हाथ पर “RK सारथी” लिखा का टैटू मिला है।
मेटल पार्क में मिला 4–5 दिन पुराना शव

खमतराई थाना क्षेत्र के ही मेटल पार्क इलाके में एक और अज्ञात युवक का शव मिला है, जो लगभग चार से पांच दिन पुराना बताया जा रहा है। शव अत्यधिक सड़-गल चुकी हालत में मिला, जिससे इसकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है। इस शव के शरीर पर “चांदनी” नाम का टैटू भी पाया गया है। पुलिस इसे भी हत्या का मामला मानकर जांच कर रही है। आसपास के गांवों और क्षेत्र में गुम इंसान की रिपोर्टों के आधार पर पहचान की कोशिश जारी है।
भाठागांव में रिंग रोड किनारे मिला युवक का शव

तीसरा मामला पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के अंतर्गत भाठागांव इलाके में रिंग रोड किनारे सामने आया है, जहां एक शव मिलने से क्षेत्र में दहशत फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
जांच में जुटी पुलिस
लगातार तीन शव मिलने की घटनाओं के बाद रायपुर पुलिस ने सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है। शुरुआती तौर पर सभी मामलों में हत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि शवों की पहचान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

