रायपुर। राजधानी रायपुर के आजाद चौक थाना क्षेत्र में पार्षद के लेटरहेड और हस्ताक्षर का फर्जी इस्तेमाल कर सरकारी दस्तावेज तैयार करने के मामले में पुलिस ने च्वॉइस सेंटर संचालक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक लैपटॉप, एक कलर प्रिंटर और एक लैमिनेशन मशीन जब्त की गई है।

पुलिस के अनुसार, दीपक जायसवाल, जो शहीद चूड़ामणि नायक वार्ड क्रमांक-37, नगर पालिका निगम रायपुर के निर्वाचित पार्षद हैं, ने आजाद चौक थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने बताया कि उनके नाम से जारी लेटरहेड और हस्ताक्षर का फर्जी तरीके से उपयोग कर मंगल बाजार स्थित आर्यन च्वॉइस सेंटर में जन्म प्रमाण पत्र, मृत्यु प्रमाण पत्र, आधार कार्ड सहित नगर निगम से संबंधित विभिन्न दस्तावेज तैयार किए जा रहे हैं।
शिकायत के आधार पर थाना आजाद चौक में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 336(3), 340(2) और 318(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मंगल बाजार स्थित सेंटर में दी गई दबिश
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर थाना आजाद चौक पुलिस ने जांच तेज की। साक्ष्य जुटाने के बाद पुलिस टीम ने मंगल बाजार स्थित आर्यन च्वॉइस सेंटर में दबिश दी। वहां मौजूद संचालक विपीन केशरी से दस्तावेजों के संबंध में पूछताछ की गई।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने पार्षद के लेटरहेड और हस्ताक्षर का अनधिकृत एवं फर्जी तरीके से उपयोग कर जन्म प्रमाण पत्र, मृत्यु प्रमाण पत्र, आधार कार्ड सहित अन्य दस्तावेज तैयार करने की बात स्वीकार की।
लैपटॉप, प्रिंटर और लैमिनेशन मशीन जब्त

पुलिस ने आरोपी विपीन केशरी (38), पिता राकेश चंद्र केशरी, निवासी कटरा बाजार, थाना कोईरवाना, जिला भदोही (उत्तर प्रदेश) तथा वर्तमान पता अश्वनी नगर, कृति ब्यूटी पार्लर के पास, थाना पुरानी बस्ती, रायपुर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक लैपटॉप, एक कलर प्रिंटर और एक लैमिनेशन मशीन जब्त की गई है।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

