रायपुर। केंद्रीय जेल रायपुर में शनिवार को पुलिस और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने अचानक पहुंचकर सघन तलाशी अभियान चलाया। जेल परिसर और अलग-अलग बैरकों में प्रतिबंधित या आपत्तिजनक सामग्री की मौजूदगी की जांच के लिए करीब चार घंटे तक यह कार्रवाई चली। सुबह 11 बजे शुरू हुआ तलाशी अभियान दोपहर 3 बजे तक जारी रहा।

बता दें कि यह कार्रवाई डीसीपी क्राइम आईपीएस स्मृतिक राजनाला, डीसीपी सेंट्रल जोन तारकेश्वर पटेल और एडीएम उमाशंकर बाँधे के नेतृत्व में की गई। अभियान में करीब 50 पुलिस जवानों के अलावा क्राइम ब्रांच/एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (एसीसीयू) तथा सेंट्रल जोन के विभिन्न थानों के अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे।
अलग-अलग टीमों ने एक साथ खंगालीं बैरकें

औचक निरीक्षण के दौरान पुलिस टीमों ने जेल परिसर के साथ विभिन्न बैरकों में एक साथ पहुंचकर कैदियों और उनके सामान की बारीकी से तलाशी ली। कार्रवाई को प्रभावी बनाने के लिए अलग-अलग टीमें बनाई गई थीं। इन टीमों ने समानांतर रूप से अलग-अलग बैरकों की जांच की, जिससे पूरे जेल परिसर में एक साथ सुरक्षा जांच की जा सके।
अभियान की निगरानी अतिरिक्त डीसीपी सेंट्रल जोन विवेक शुक्ला, अतिरिक्त डीसीपी एसीसीयू गौरव मंडल, एसीपी कोतवाली दीपक मिश्रा और प्रशिक्षु डीएसपी अमित कोसमा ने की। अधिकारियों के नेतृत्व में गठित टीमों ने बैरकों में पहुंचकर कैदियों, उनके सामान और आसपास के परिसर की सघन जांच की।
महिला बैरक में भी अलग टीम ने की जांच
तलाशी अभियान के दौरान महिला बैरक के लिए अलग टीम गठित की गई। इस टीम ने महिला बैरक में सुरक्षा मानकों के अनुरूप तलाशी ली। इसके अलावा जेल के अन्य चिन्हित स्थानों की भी जांच की गई।
तलाशी में नहीं मिली कोई विशेष प्रतिबंधित सामग्री
पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान कोई विशेष आपत्तिजनक या प्रतिबंधित सामग्री बरामद नहीं हुई। पुलिस और जिला प्रशासन की ओर से समय-समय पर इस तरह के औचक निरीक्षण किए जाते हैं, ताकि जेल की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखा जा सके और प्रतिबंधित सामग्री के संभावित प्रवेश या इस्तेमाल को रोका जा सके।
अभियान के दौरान पुलिस और प्रशासन के बड़ी संख्या में अधिकारियों व जवानों के एक साथ अलग-अलग बैरकों में पहुंचने से जेल परिसर में व्यापक स्तर पर सुरक्षा जांच हुई। अधिकारियों ने जेल प्रशासन को भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता और निगरानी लगातार बनाए रखने के निर्देश दिए।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

