रायपुर। राजधानी रायपुर के कटोरा तालाब स्थित ईलेवन ग्राउंड में पुलिस ने जुआ खेल रहे लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 9 आरोपियों को पकड़ा है। पुलिस ने मौके से जुए के फड़ और आरोपियों के पास से कुल 1 लाख 14 हजार 500 रुपये नकद, 52 पत्ती ताश और जुआ खेलने में इस्तेमाल किए जा रहे चिप्स जब्त किए हैं। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।

पुलिस के मुताबिक, 28 अगस्त 2026 की शाम अभियान कार्रवाई के दौरान पुलिस स्टाफ को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ईलेवन ग्राउंड, कटोरा तालाब में कुछ लोग खंभे की रोशनी में ताश के पत्तों से रुपये-पैसे का दांव लगाकर हार-जीत का जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके के लिए रवाना हुई।

इस दौरान रास्ते में मिले गवाह मोहन धारवानी, पिता दिलीप धारवानी, निवासी काली नगर पंडरी तथा जगदीश आसरवानी, पिता स्व. सुरेश कुमार आसरवानी, निवासी शिव मंदिर के पास तेलीबांधा को मुखबिर की सूचना से अवगत कराया गया। पुलिस के अनुसार, दोनों ने रेड कार्रवाई में सहयोग करने के लिए लिखित सहमति दी। इसके बाद पुलिस टीम ने गवाहों के साथ मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर दबिश दी। पुलिस को देखकर कुछ लोग मौके से भाग निकले, जबकि 9 लोगों को पकड़ लिया गया।

इन आरोपियों को किया गया गिरफ्तार

  1. रनवीर सिंह, पिता मनमोहन सिंह, उम्र 32 वर्ष, निवासी वल्लभ नगर कॉलोनी, रिंग रोड, मकान नंबर सी-37, थाना टिकरापारा, रायपुर।
  2. सागर बालानी, पिता तुलसी दास बालानी, उम्र 33 वर्ष, निवासी विशाल नगर, बी-5, तेलीबांधा, रायपुर।
  3. यरुल श्रीवास्तव, पिता प्रकाश श्रीवास्तव, उम्र 30 वर्ष, निवासी सिविल लाइन, सेंट्रल बैंक के सामने, रायपुर।
  4. वैभव मल्होत्रा, पिता योगेश मल्होत्रा, उम्र 26 वर्ष, निवासी बजाज कॉलोनी, मकान नंबर सी-30, न्यू राजेंद्र नगर, रायपुर।
  5. किन्तव पारेख, पिता मनोज पारेख, उम्र 33 वर्ष, निवासी श्रीनगर, दही हांडी मैदान, थाना खमतराई, रायपुर।
  6. अंकुर श्रीवास्तव, पिता अधीर श्रीवास्तव, उम्र 28 वर्ष, निवासी छत्तीसगढ़ क्लब के पास, सिविल लाइन, रायपुर।
  7. वरुण यदु, पिता नीरज यदु, उम्र 32 वर्ष, निवासी महिला पॉलिटेक्निक के सामने, बैरन बाजार, रायपुर।
  8. सागर शर्मा, पिता प्रफुल शर्मा, उम्र 28 वर्ष, निवासी ईस्ट-12, कचना, खम्हारडीह, रायपुर।
  9. नमन अग्रवाल, पिता मनोज अग्रवाल, उम्र 28 वर्ष, निवासी शंकर नगर टर्निंग प्वाइंट चौक, मकान नंबर ए-5, खम्हारडीह, रायपुर।

पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के पास और मौके पर बनाए गए फड़ से कुल 1,14,500 रुपये, 52 पत्ती ताश और ताश खेलने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे चिप्स को गवाहों की मौजूदगी में जब्त किया।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों का कृत्य छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत पाए जाने पर उन्हें विधिवत गिरफ्तार किया गया। सक्षम जमानतदार पेश किए जाने के बाद आरोपियों को जमानत मुचलके पर रिहा कर दिया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अलग से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H