सत्या राजपूत, रायपुर। राजधानी रायपुर में अवैध निर्माणों के खिलाफ नगर निगम ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। नगर निगम जोन-8 के डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम वार्ड (वार्ड-19) अंतर्गत विकास नगर और गुड़ियारी क्षेत्र में अनुमति के विपरीत किए जा रहे चार निर्माणाधीन भवनों पर बुलडोजर चलाकर उन्हें ध्वस्त कर दिया गया। यह कार्रवाई कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश और नगर पालिक निगम आयुक्त संबित मिश्रा के मार्गदर्शन में की गई।

जोन-8 में संयुक्त टीम ने चलाया अभियान

नगर निगम की यह कार्रवाई जोन कमिश्नर राजेश्वरी पटेल के नेतृत्व में की गई। अभियान में कार्यपालन अभियंता अतुल चोपड़ा, सहायक अभियंता अमन चंद्राकर, उप अभियंता लोचन चौहान, अबरार खान तथा नगर निवेश विभाग की टीम शामिल रही। संयुक्त टीम ने पहले अवैध निर्माणों का निरीक्षण किया और उसके बाद जेसीबी की मदद से निर्माणाधीन भवनों को ध्वस्त कर दिया।

इन चार निर्माणाधीन भवनों पर चली जेसीबी

नगर निगम ने जिन अवैध निर्माणों पर कार्रवाई की, उनमें शामिल हैं—

  • राकेश साहू द्वारा विकास नगर में लगभग 1500 वर्गफीट का निर्माण।
  • गोमती वर्मा द्वारा लगभग 1200 वर्गफीट का निर्माण।
  • विवेक सिंह द्वारा विकास नगर गैस गोदाम के पास लगभग 1200 वर्गफीट का निर्माण।
  • पूजा सरावगी द्वारा लगभग 1200 वर्गफीट का निर्माणाधीन भवन।

इन सभी निर्माणों को जेसीबी की मदद से ध्वस्त कर दिया गया।

तीन नोटिस और अंतिम चेतावनी के बाद हुई कार्रवाई

नगर निगम प्रशासन के अनुसार, संबंधित निर्माणकर्ताओं को नियमानुसार तीन नोटिस जारी किए गए थे। इसके बाद अंतिम सूचना भी दी गई, लेकिन निर्धारित समय सीमा के भीतर न तो कोई संतोषजनक जवाब प्रस्तुत किया गया और न ही आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराए गए। इसके चलते निगम ने नियमानुसार बुलडोजर कार्रवाई की।

अवैध निर्माणों पर नहीं मिलेगी कोई राहत

जोन कमिश्नर राजेश्वरी पटेल ने कहा कि शहर में बिना अनुमति और भवन निर्माण नियमों के विपरीत किए जा रहे निर्माणों के खिलाफ नगर निगम लगातार अभियान चला रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी किसी भी प्रकार के अवैध निर्माण पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

नगर निगम प्रशासन ने यह भी स्पष्ट संदेश दिया है कि शहर को सुव्यवस्थित और नियमानुसार विकसित करने के लिए अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों को किसी प्रकार की छूट नहीं दी जाएगी।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H