Raipur News Update : रायपुर. राजधानी रायपुर में 27 सितंबर की रात निकलने वाली गणेश झांकी के दौरान भीड़ और भगदड़ की स्थिति रोकने के लिए इस बार कई नई व्यवस्थाएं लागू की जाएंगी. सड़क के केवल एक हिस्से में ही मंच लगाने की अनुमति होगी, जबकि दूसरा हिस्सा झांकियों की आवाजाही के लिए खाली रखा जाएगा. मंच का आकार भी निर्धारित किया जाएगा और बड़े मंच लगाने की अनुमति नहीं होगी. फिलहाल गणेश झांकी को पुराने रूट शारदा चौक, जयस्तंभ चौक, मालवीय रोड, कोतवाली और सदरबाजार से निकालने की तैयारी है. हालांकि, कुछ झांकी समितियों ने कोतवाली से सप्रे शाला रोड, बूढ़ातालाब होते हुए पुरानी बस्ती तक वैकल्पिक मार्ग का सुझाव दिया है. समितियों का कहना है कि सदरबाजार की सड़क संकरी है और दोनों ओर दुकानें व मकान होने के कारण भीड़ बढ़ने पर भगदड़ का खतरा बना रहता है. कई मकान जर्जर हालत में भी हैं. वहीं सप्रे शाला रोड अपेक्षाकृत चौड़ी है, लेकिन एक ओर तालाब होने के कारण वहां अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम करने होंगे. गणेश झांकी के रूट को लेकर पुलिस ने समितियों की बैठक बुलाई है. बैठक में दोनों मार्गों पर चर्चा और रायशुमारी के बाद अंतिम निर्णय लिया जाएगा. विसर्जन के लिए जाने वाली गणेश प्रतिमाओं को शारदा चौक या गुरुनानक चौक से ही झांकी मार्ग में प्रवेश दिया जाएगा. पुरानी बस्ती, लाखेनगर, अश्वनी नगर और सुंदर नगर रोड से सीधे प्रवेश की अनुमति नहीं होगी. झांकियों के गुजरने के बाद जरूरत के मुताबिक बीच के रास्तों से प्रवेश दिया जा सकेगा या प्रतिमाओं को वैकल्पिक मार्ग से भेजा जाएगा. झांकी के दौरान निकालने और आतिशबाजी जैसे करतब पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे. स्वागत या डांस के लिए झांकी को बीच रास्ते में रोकने की अनुमति नहीं होगी. झांकी को धीमी गति से लगातार आगे बढ़ाना होगा, ताकि किसी एक स्थान पर भीड़ जमा न हो. झांकी में डीजे के इस्तेमाल पर भी पूरी तरह रोक लगाने की तैयारी है. धुमाल, बैंड-बाजा और साउंड सिस्टम का इस्तेमाल अनुमति मिलने के बाद निर्धारित ध्वनि सीमा के भीतर ही किया जा सकेगा. गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए भी पुलिस-प्रशासन की अनुमति जरूरी होगी. फूहड़ गाने बजाने पर संबंधित झांकी समिति के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. तात्यापारा चौक स्थित श्री भारतीय समाज समिति के कुशल गेड़ेकर ने कहा कि सदर बाजार से पिछले 100 वर्षों से अधिक समय से झांकी निकलती आ रही है और प्रशासन का हमेशा सहयोग मिलता रहा है. उन्होंने कहा कि किसी को नुकसान न हो, इसके लिए समिति प्रशासन के साथ है और तय गाइडलाइन के अनुसार ही झांकी निकाली जाएगी. गंजपारा स्थित श्रीश्री विनायक गणेशोत्सव समिति के अध्यक्ष लवी ठाकुर ने कहा कि कुछ दिन पहले सदर बाजार में एक बिल्डिंग गिर चुकी है और कई मकान जर्जर हालत में हैं. तेज डीजे साउंड से भी दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. ऐसे में बूढ़ापारा की ओर से झांकी निकालना उचित रहेगा. उन्होंने कहा कि जान-माल की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन के साथ बैठक कर आगे की रूपरेखा तय की जाएगी. सेंट्रल जोन डीसीपी तारकेश्वर पटेल ने झांकी के रूट को लेकर बताया कि सभी समितियों की बैठक बुलाई गई है. बैठक में रूट को लेकर चर्चा और रायशुमारी के बाद अंतिम निर्णय लिया जाएगा. उन्होंने कहा कि झांकी के दौरान नशे और डीजे को लेकर पुलिस की सख्ती रहेगी.
महादेव सट्टा का पैसा शेयर में लगा, पिट्टी के 59.6 करोड़ के शेयर अटैच
रायपुर. महादेव ऑनलाइन सट्टा मामले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने ईजमाय ट्रिप के सह-संस्थापक निशांत पिट्टी के खिलाफ 10 सितंबर को आरोप-पत्र दाखिल किया है. ईडी की पांचवीं पूरक अभियोजन शिकायत में पिट्टी के करीब 59.6 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों को भी अस्थायी रूप से अटैच किया गया है. एजेंसी ने इन शेयरों को अपराध से अर्जित आय बताते हुए अदालत से इन्हें जब्त करने की अनुमति मांगी है. ईडी का आरोप है कि निशांत पिट्टी ने दुबई में रहने वाले स्काई एक्सचेंज के संचालक हरिशंकर टिबरेवाल के साथ मिलकर सट्टेबाजी से हासिल रकम को विदेशी पोर्टफोलियो निवेश के जरिए भारतीय शेयर बाजार में लगाने और अलग-अलग स्तरों पर उसे घुमाने में मदद की. एजेंसी के मुताबिक, पिट्टी और टिबरेवाल के बीच कारोबारी संबंध थे. ईडी ने आरोप लगाया है कि ईजमाय ट्रिप प्लानर्स लिमिटेड के प्रवर्तकों की ओर से शेयरों की कीमत पहले से तय कर सौदे किए गए. एजेंसी के अनुसार, इन लेन-देन के जरिए कंपनी के शेयर भाव और बाजार पूंजीकरण को कृत्रिम रूप से बढ़ाने का प्रयास किया गया. दोनों पक्षों के कारोबारी संबंधों के समर्थन में ईडी ने 2022 में भारत में आयोजित एक क्रिकेट सीरीज की स्पॉन्सरशिप का भी उल्लेख किया है. इस सीरीज में ईजमाय ट्रिप और स्काई एक्सचेंज सह-प्रायोजक थे. हालांकि, कंपनी पहले महादेव सट्टा एप या किसी अन्य सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म से प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष संबंध होने से इनकार कर चुकी है. ईडी की इस पूरक आरोप-पत्र में ईबीआईएक्स समूह के अध्यक्ष विकास गर्ग समेत कुल 42 लोगों और कंपनियों को आरोपी बनाया गया है. एजेंसी का आरोप है कि विकास गर्ग और उनसे जुड़ी कंपनियों को हरिशंकर टिबरेवाल से संबंधित कंपनियों से 765.77 करोड़ रुपये प्राप्त हुए. ईडी के मुताबिक, इस रकम का इस्तेमाल अमेरिकी कंपनी ईबीआईएक्स इंक के अधिग्रहण में किया गया. ईडी के अनुसार, महादेव ऑनलाइन सट्टा मामले में अब तक 14 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है और करीब 1885 करोड़ रुपये की संपत्ति अटैच की गई है. छह आरोप-पत्रों में कुल 116 लोगों को आरोपी बनाया गया है. मामले में ईडी और सीबीआई की जांच अभी जारी है. महादेव बुक के प्रमोटर और मूल रूप से भिलाई निवासी सौरभचंद्राकर को भारत लाने के प्रयास भी जारी हैं. बताया गया है कि पिछले तीन महीनों से उसके प्रत्यर्पण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की कोशिश की जा रही है, लेकिन अब तक रास्ता साफ नहीं हो पाया है. सौरभ को ओमान पुलिस ने गिरफ्तार किया है और वह मस्कट के अल खौद डिटेंशन सेंटर में रखा गया है. उसे भारत लाने के लिए ईडी ने आवेदन किया है और विदेश मंत्रालय के माध्यम से भी प्रयास किए जा रहे हैं. पिछले डेढ़ साल में यह तीसरी बार है, जब सौरभ विदेश में पकड़ा गया है. इससे पहले रवि उप्पल और शुभम सोनी को भी भारत लाने के प्रयास किए गए थे. हालांकि, विदेश में पकड़े गए महादेव सट्टा मामले के किसी प्रमुख आरोपी को अब तक भारतीय एजेंसियां भारत नहीं ला सकी हैं. जांच एजेंसियों की लगातार कार्रवाई के बावजूद ऑनलाइन सट्टेबाजी का नेटवर्क सक्रिय होने की बात सामने आती रही है. एजेंसियों के आकलन के मुताबिक, सौरभचंद्राकर और उसके सहयोगियों से जुड़े अवैध सट्टा कारोबार का आकार 20 हजार करोड़ रुपये से अधिक बताया गया है.
Domino’s में एक ही ओवन में वेज-नॉनवेज पिज्जा
रायपुर. राजधानी के भाठागांव स्थित डोमिनोज आउटलेट में एक ही ओवन में वेज और नॉनवेज पिज्जा तैयार किए जाने को लेकर ग्राहक ने आपत्ति जताई है. ग्राहक ने इसका वीडियो बनाकर डोमिनोज इंडिया, स्वास्थ्य मंत्री और खाद्य विभाग से शिकायत की है. शिकायत मिलने के बाद खाद्य एवं औषधि विभाग ने मामले की जांच के लिए टीम भेजने की बात कही है. भाठागांव निवासी मृणाल पाण्डेय 19 सितंबर को अपनी पत्नी के साथ डोमिनोज आउटलेट पहुंचे थे. उन्होंने बड्डी कॉम्बो पिज्जा और मिनी कोक का ऑर्डर किया. मृणाल का कहना है कि इस दौरान उन्होंने देखा कि वेज और नॉनवेज पिज्जा एक ही ओवन में तैयार किए जा रहे थे. ओवन में दोनों के लिए अलग पार्टीशन नजर नहीं आया. कर्मचारियों से पूछने पर उन्हें बताया गया कि ओवन एक ही है, लेकिन वेज और नॉनवेज पिज्जा अलग-अलग तैयार किए जाते हैं. मृणाल के मुताबिक, उन्होंने करीब 500 रुपये की राशि वापस करने की मांग की, लेकिन कर्मचारियों ने ऑर्डर तैयार हो जाने का हवाला देते हुए पैसे लौटाने से इनकार कर दिया. इसके बाद उन्होंने पूरे मामले का वीडियो बनाया और सोशल मीडिया के जरिए डोमिनोज इंडिया और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल को टैग करते हुए शिकायत की. उन्होंने डोमिनोज के हेड ऑफिस को ई-मेल भी भेजा, लेकिन उनके अनुसार अब तक कोई जवाब नहीं मिला है. मृणाल पाण्डेय का दावा है कि शहर के कई डोमिनोज आउटलेट में भी इसी तरह की व्यवस्था अपनाई जा रही है. उन्होंने कहा कि कई बार ऑनलाइन सर्विस चालू रहती है, जबकि ऑफलाइन सर्विस बंद रहती है. उनका कहना है कि वेजिटेरियन ग्राहकों को यह जानकारी होनी चाहिए कि उनका भोजन किस तरह और किस व्यवस्था में तैयार किया जा रहा है. मामले में खाद्य एवं औषधि विभाग, रायपुर के विनोद कुमार गुप्ता ने बताया कि एक ही ओवन में वेज और नॉनवेज पिज्जा तैयार किए जाने की शिकायत मिली है. मामले की जांच के लिए विभागीय टीम मौके पर जाएगी. जांच में शिकायत सही पाए जाने पर डोमिनोज आउटलेट के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
त्रिशूल दिखाकर युवक को धमकाया, फिर मोबाइल लूटकर फरार
रायपुर. मठपारा स्थित दूधाधारी मठ मंदिर के पास युवक को घेरकर मारपीट और मोबाइल लूटने का मामला सामने आया है. पीड़ित का आरोप है कि तीन युवकों ने पहले गाली-गलौज की, फिर मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्के से मारपीट कर करीब 10 हजार रुपए का मोबाइल लूट लिया. घटना के 10 दिन बाद पीड़ित थाने पहुंचा. शिकायत पर टिकरापारा पुलिस ने बीएनएस की धारा 296, 351, 115-2, 309-4, 3-5 के तहत अपराध दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया. शिकायतकर्ता चंदन दाहिया सतना जिले के सेमरवरा गांव का रहने वाला है और प्राइवेट कार चलाता है. पीड़ित 10 सितंबर की सुबह करीब 10 बजे आल्टो कार से अरुण जोशी और शारदा जोशी को पन्ना टिगड़िया से लेकर रायपुर के दूधाधारी मठ मंदिर पहुंचा था. चंदन ने पुलिस को बताया कि मंदिर के पास उसे लवकुश जोशी, अजीत जोशी और नीरज जोशी मिले. वह तीनों को पहले से जानता है और उनके यहां गाड़ी चला चुका है. आरोप है कि उसे देखते ही तीनों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और कहा कि वह उनकी गाड़ी क्यों नहीं चलाता. पीड़ित के अनुसार विवाद बढ़ने पर तीनों ने उसके साथ हाथ-मुक्के से मारपीट की. इसी दौरान त्रिशूल दिखाकर जान से मारने की धमकी देने का आरोप है.

सब्जी कारोबारियों को हटाने गया दस्ता वापस लौटा
रायपुर. भाठागांव पानी टंकी के पास रोड किनारे व फुटपाथ पर रोजाना सब्जी बेचने वालों को खदेड़ने गये निगम के दस्ते को विरोध के चलते अपने बुलडोजर के साथ वापस लौटना पड़ गया. यहां नगर निगम द्वारा लगभग 1 करोड़ 29 लाख रुपये की लागत से चबूतरे वाला सब्जी बाजार बनाया गया है. इस चबूतरे का आवंटन पूर्व में चिन्हित सब्जी बेचने वालों को लॉटरी सिस्टम से निगम मुख्यालय के बाजार विभाग ने कर दिया. आवंटन करने के बाद आसपास और नदी पार से सब्जी बेचने के लिए आने वाले ग्रामीण जो रोड किनारे पसरा बिछाकर दुकानदारी करते थे, उन्हें खदेड़ने निगम का दस्ता बुलडोजर व पुलिस के साथ पहुंच गया. इसका सब्जी बेचने वालों ने विरोध कर वापस लौटा दिया. पूर्व पार्षद सतनाम सिंग पनाग और छाया पार्षद ब्रम्हा सोनकर ने बताया कि चबूतरा आवंटन में जमकर अनियमितता बरती गई है. कई लोगों के वाजिब नाम को व्हाइटनर लगाकर मिटाने के बाद दूसरों का नाम डाला गया है. यह किसके दबाव में हुआ, यह भाठागांव के नागरिक जानना चाहते हैं. सतनाम सिंग पनाग ने बताया कि इस बाजार का निर्माण कांग्रेस के पूर्व कार्यकाल में हुआ था, क्योंकि इस बाजार में स्थानीय के साथ ही गांव के कृषक भी अपनी सब्जी बेचने आते थे. छाया पार्षद सोनकर ने बताया कि बाजार आवंटन में अलग-अलग नंबर दिया गया है. इन नंबरों के हिसाब से किसी को 8 तो किसी के लिए 6 फीट जगह की मार्किंग की गई है. वहीं छाया पार्षद ब्रम्हा ने कहा कि एक ही परिवार के तीन-तीन अथवा चार-चार सदस्यों को स्थान आवंटित कर देने से यहां के वास्तविक सब्जी बेचने वालों को जगह नहीं मिली. साथ ही वार्ड के बाहर के लोगों को भी स्थान दिए जाने की शिकायत सामने आई है. इसके लिए वोटर आईडी और आधार कार्ड के माध्यम से स्थानीय और बाहरी की पहचान निगम प्रशासन पहले करे, फिर चबूतरा व जगह आवंटित करे. इस मामले में पीड़ित सब्जी व्यापारी निगम आयुक्त से 22 सितंबर को सुबह 11 बजे मुलाकात के लिए जाएंगे.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H



