शिवम मिश्रा, रायपुर। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र में पुलिस जवानों और कुछ युवकों के बीच विवाद का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में नशे में धुत कुछ युवक पुलिसकर्मियों के साथ बहस और बदसलूकी करते नजर आ रहे हैं। घटना देर रात पेट्रोलिंग के दौरान की बताई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 14 और 15 जून 2026 की दरमियानी रात तेलीबांधा थाने में पदस्थ सहायक उपनिरीक्षक तुलसीराम साहू, आरक्षक जानकी राम चंद्रवंशी और आरक्षक रमेश वर्मा पेट्रोलिंग ड्यूटी पर तैनात थे। रात्रि करीब 12:45 बजे पेट्रोलिंग टीम ने होटल अंब्रोसिया के सामने सड़क किनारे खड़े विनय यादव और उसके 7-8 साथियों को देर रात होने के कारण घर जाने की हिदायत दी। इसके बाद पुलिस टीम क्षेत्र के अन्य संवेदनशील स्थानों पर पेट्रोलिंग के लिए रवाना हो गई।

पुलिस के मुताबिक करीब एक घंटे बाद जब टीम दोबारा उसी स्थान पर पहुंची तो वहां विनय यादव, सुजीत यादव, गोलू देवांगन समेत 15 से 20 लोग मौजूद थे। पुलिस ने उन्हें फिर से घर जाने की समझाइश दी। पुलिस का कहना है कि इस दौरान विनय यादव और उसके कुछ साथी उग्र हो गए और पुलिसकर्मियों से बहस करने लगे। वायरल वीडियो में भी कुछ युवक पुलिस जवानों के साथ विवाद करते दिखाई दे रहे हैं, जबकि पुलिसकर्मी स्थिति को शांत कराने का प्रयास करते नजर आ रहे हैं।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पेट्रोलिंग टीम द्वारा किसी भी प्रकार की मारपीट नहीं की गई। घटना के बाद विनय यादव और आरक्षक रमेश वर्मा दोनों का शराब सेवन संबंधी चिकित्सकीय परीक्षण (मुलाहिजा) कराया गया है। आवश्यकता पड़ने पर जांच में इन रिपोर्टों का उपयोग किया जाएगा। फिलहाल वायरल वीडियो को लेकर पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। मामले में तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
देखें वायरल वीडियो –
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

