शिवम मिश्रा, रायपुर। राजधानी रायपुर में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यातायात पुलिस का ड्रिंक एंड ड्राइव अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में 7 जून 2026 की रात शहर के विभिन्न स्थानों पर विशेष जांच अभियान चलाकर 52 नशे की हालत में वाहन चला रहे चालकों को पकड़ा गया। इस वर्ष अब तक कुल 3365 वाहन चालकों के विरुद्ध शराब पीकर वाहन चलाने के मामलों में कार्रवाई की जा चुकी है।

9 स्थानों पर एक साथ चला विशेष चेकिंग अभियान

पुलिस कमिश्नर तथा प्रभारी पुलिस उपायुक्त (यातायात एवं प्रोटोकॉल) के निर्देश पर एसीपी यातायात सतीष ठाकुर के नेतृत्व में शहर के 9 प्रमुख स्थानों तेलीबांधा चौक, पचपेड़ी नाका चौक, भट्ठागांव चौक, टाटीबंध चौक, कालीबाड़ी चौक, जय स्तंभ चौक, भनपुरी चौक तथा पंडरी थाना के सामने विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।

52 शराबी गाड़ी चलाते पकड़ाए (ड्रिंक एंड ड्राइव)

इस दौरान ब्रीथ एनालाइजर से जांच में शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए कुल 52 वाहन चालकों को पकड़ा गया। इनमें 34 कार चालक, 11 मोटरसाइकिल चालक, 2 टाटा एस चालक, 4 ट्रक चालक और 1 पिकअप वाहन चालक शामिल हैं। सभी के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम, 1988 के तहत चालानी कार्रवाई की गई है और प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत किए जाएंगे।

दुर्घटनाएं रोकना और अनुशासन बढ़ाना है उद्देश्य

यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान किसी निर्धारित लक्ष्य की पूर्ति के लिए नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लगातार चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि शराब पीकर वाहन चलाना न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि यह स्वयं के साथ-साथ अन्य लोगों के जीवन के लिए भी गंभीर खतरा पैदा करता है।

इस वर्ष 3365 चालकों पर हुई कार्रवाई

यातायात पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक 3365 वाहन चालकों के विरुद्ध शराब के नशे में वाहन चलाने के मामले में कार्रवाई की जा चुकी है। पकड़े गए चालकों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

यातायात पुलिस की आम नागरिकों से अपील

यातायात पुलिस रायपुर सभी वाहन चालकों और नागरिकों से सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करने व जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाने की अपील की है।

इन यातायात नियमों का विशेष रूप से करें पालन

• शराब पीकर वाहन न चलाएं।
• वाहन चलाते समय सीट बेल्ट एवं हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें।
• वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करें।
• निर्धारित गति सीमा (Speed Limit) का पालन करें।
• ट्रैफिक सिग्नल, संकेतक एवं पुलिस द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन करें।
• नाबालिगों को वाहन चलाने की अनुमति न दें।
• वाहन चलाते समय धैर्य रखें और अन्य वाहन चालकों के प्रति संवेदनशील रहें।

यातायात पुलिस ने कहा कि शहर में सुरक्षित और सुगम यातायात व्यवस्था के लिए चेकिंग अभियान आगे भी इसी सख्ती से जारी रहेगा। नशे की हालत में वाहन चलाने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H