रायपुर। त्योहारी सीजन को देखते हुए यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ने शहर की यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। शहर के प्रमुख और व्यस्ततम बाजार क्षेत्रों जैसे सदर बाजार, मालवीय रोड, जय स्तंभ चौक, पंडरी मार्केट, पुरानी बस्ती और भाठागांव में सुगम यातायात एवं पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत पुलिस बल लगातार पेट्रोलिंग कर रहा है और आधुनिक तकनीकों के जरिए बाजार क्षेत्रों की निगरानी की जा रही है।

निरंतर पेट्रोलिंग एवं सुचारू यातायात प्रबंधन

बाजार क्षेत्रों में यातायात पुलिस के अधिकारी और जवान लगातार गश्त कर रहे हैं, ताकि आम नागरिकों और व्यापारियों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। सड़क पर बाधा उत्पन्न करने वाले वाहनों को तत्काल हटवाकर यातायात सुचारू बनाया जा रहा है।

नो-पार्किंग और नियम विरुद्ध खड़े वाहनों पर सख्त कार्रवाई

बाजारों में नो-पार्किंग जोन अथवा मार्ग अवरुद्ध कर खड़े किए गए वाहनों के खिलाफ ई-चालान की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही क्रेन की मदद से ऐसे वाहनों को जब्त कर हटाया जा रहा है। इस अभियान के दौरान अब तक 100 से अधिक वाहनों को क्रेन के माध्यम से हटाया जा चुका है।

ड्रोन कैमरों से सघन निगरानी और जन-अपील

यातायात प्रबंधन के साथ-साथ समग्र सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कमिश्नरेट पुलिस द्वारा बाजार क्षेत्रों की ड्रोन कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है। इससे प्रमुख बाजार क्षेत्रों पर हवाई नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था या सुरक्षा संबंधी स्थिति पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।

यातायात पुलिस की नागरिकों से अपील

यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें। सड़कों पर बनी व्हाइट लाइन (सफेद पट्टी) के भीतर ही वाहन पार्क करें। नो-पार्किंग क्षेत्र अथवा संकरे मार्गों पर वाहन खड़ा न करें, जिससे अन्य राहगीरों को असुविधा हो।

पुलिस ने नागरिकों से शहर में सुगम और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में यातायात पुलिस का सहयोग करने की अपील की है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H