सुप्रिया पांडेय, रायपुर। विजयादशमी के मौके पर आज राजधानी रायपुर के पुलिस लाइन में पारंपरिक शस्त्र पूजन किया गया। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला की मौजूदगी में पुलिस अधिकारियों और जवानों ने अस्त्र-शस्त्रों के साथ विभाग के वाहनों की भी पूजा की। पूजा-अर्चना के बाद परंपरा के मुताबिक हवाई फायरिंग की गई।

पुलिस लाइन में हुए इस कार्यक्रम में पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और जवान शामिल हुए। विजयादशमी पर शस्त्र पूजन पुलिस विभाग की पुरानी परंपरा का हिस्सा है। इस दौरान पुलिसकर्मी अपने हथियारों की पूजा करने के साथ कानून-व्यवस्था बनाए रखने और लोगों की सुरक्षा की जिम्मेदारी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी दोहराते हैं।

शक्ति, साहस और सुरक्षा का प्रतीक है शस्त्र पूजन
विजयादशमी पर शस्त्र पूजन को शक्ति, साहस और विजय का प्रतीक माना जाता है। पुलिस विभाग के लिए इस परंपरा का खास महत्व है, क्योंकि हथियार पुलिसकर्मियों के लिए सिर्फ सुरक्षा का साधन नहीं, बल्कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी का भी प्रतीक हैं। पूजा के दौरान पुलिस वाहनों को भी शामिल किया गया।

कमिश्नर ने दी विजयादशमी की शुभकामनाएं
पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने विजयादशमी पर लोगों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने नागरिकों से त्योहार को आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पुलिस नागरिकों की सुरक्षा और सहयोग के लिए हमेशा तत्पर है।

त्योहार के दौरान शांति और आपसी सद्भाव बनाए रखने का संदेश देते हुए उन्होंने नागरिकों से मिल-जुलकर पर्व मनाने की अपील की। पुलिस विभाग की ओर से शस्त्र पूजन के जरिए सुरक्षा, कर्तव्य और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश भी दिया गया।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

