रायपुर। राजधानी रायपुर स्थित नयापारा स्थित मल्टीस्पेशियलिटी मिश्रा हॉस्पिटल में रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के वाहन चालकों के लिए निशुल्क नेत्र एवं दंत जांच शिविर शुरू किया गया। शिविर का उद्घाटन पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ल ने किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि सेहत सबसे बड़ी पूंजी है और इसे सुरक्षित रखना सबसे जरूरी काम है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के लिए सेवाभावी डॉक्टरों के साथ व्यक्ति की खुद की रुचि और जागरूकता भी जरूरी है।

शिविर में रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के अंतर्गत आने वाले सभी वाहन चालकों की आंखों और दांतों की जांच की जा रही है। जरूरत के अनुसार उन्हें चिकित्सकीय परामर्श और उपचार भी उपलब्ध कराया जा रहा है। पुलिस कमिश्नरेट की ओर से सभी वाहन चालकों को शिविर का लाभ लेने के निर्देश जारी किए गए हैं।
विशेषज्ञ डॉक्टर कर रहे जांच

शिविर में छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ नेत्र विशेषज्ञ एवं सर्जन डॉ. दिनेश मिश्र, रेटिना सर्जन डॉ. प्रांजल मिश्र, दंत एवं रूट कैनाल विशेषज्ञ डॉ. अबीर मिश्र तथा ट्रांसप्लांट एवं मसूरी रोग विशेषज्ञ डॉ. निधि मिश्र सेवाएं दे रहे हैं।
इसके अलावा चर्म रोग विशेषज्ञ डॉ. सृष्टि मिश्र, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रसून मिश्र और नाक-कान-गला विशेषज्ञ डॉ. सुरभि मिश्र भी शिविर के दौरान मौजूद रहे।
इन विशेषज्ञों ने भविष्य में अलग-अलग तिथियों पर निशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने की इच्छा भी जताई।
पुलिसकर्मियों की स्वास्थ्य सेवा को बताया संतोष का विषय
इस मौके पर डॉ. दिनेश मिश्र ने कहा कि पुलिस विभाग के साथ मिलकर काम करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने बताया कि अस्पताल की ओर से पहले भी पुलिस विभाग के साथ इस तरह की स्वास्थ्य सेवाओं में सहयोग किया जाता रहा है।
उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी लगातार समाज की सेवा में जुटे रहते हैं। ऐसे में उनके स्वास्थ्य की देखभाल के लिए काम करना खुशी और संतोष का अनुभव देता है। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले समय में अन्य विभागों के लिए भी स्वास्थ्य सेवा के अलग-अलग क्षेत्रों में काम करने की योजना है।
शिविर का उद्देश्य पुलिस वाहन चालकों को नियमित स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि आंखों और दांतों से जुड़ी समस्याओं की समय पर पहचान कर आवश्यक उपचार और चिकित्सकीय सलाह दी जा सके।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H



