सत्या राजपूत, रायपुर। आगामी निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण की तैयारियों के बीच जिले में मतदान केंद्रों के युक्तियुक्तकरण की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। इसी सिलसिले में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. गौरव सिंह की अध्यक्षता में कलेक्टोरेट सभाकक्ष में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक हुई। इसमें मतदान केंद्रों से संबंधित प्रस्तावों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। बैठक में प्रस्तुत प्रस्तावों पर मौजूद प्रतिनिधियों ने सहमति जताई।

मतदाताओं की सुविधा के हिसाब से होगा बदलाव

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार, 1 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम (SSR-2027) संचालित किया जा रहा है। इसके तहत जिले के मतदान केंद्रों का युक्तियुक्तकरण किया जा रहा है, ताकि मतदाताओं को मतदान के दौरान अधिक सुविधाजनक और सुव्यवस्थित व्यवस्था मिल सके।

बैठक में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों से प्राप्त प्रस्तावों की जानकारी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ साझा की गई। प्रस्तावित बदलावों पर उनके विचार और सुझाव भी लिए गए। चर्चा के बाद प्रतिनिधियों ने प्रस्तुत प्रस्तावों पर अपनी सहमति व्यक्त की।

2 नवंबर 2026 तक पूरी करनी है प्रक्रिया

निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मतदान केंद्रों के युक्तियुक्तकरण का काम 2 नवंबर 2026 तक पूरा किया जाना है। इस प्रक्रिया का उद्देश्य मतदान केंद्रों की व्यवस्था को बेहतर बनाना और मतदाताओं के लिए मतदान को अधिक सुगम बनाना है।

बैठक में रायपुर नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा सहित निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारी और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H