शिवम मिश्रा, रायपुर। शहरवासियों को ट्रैफिक जाम से राहत दिलाने के लिए यातायात पुलिस रायपुर ने बड़ी पहल की है। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देश पर यातायात विभाग ने हेल्पलाइन नंबर 9479210632 जारी किया है, जिस पर कॉल या व्हाट्सएप के जरिए जाम की सूचना दी जा सकती है।

यातायात पुलिस के अनुसार, अब किसी भी इलाके में जाम लगने की स्थिति में आम नागरिक तुरंत इस नंबर पर जानकारी दे सकते हैं। सूचना मिलते ही आईटीएमएस/कंट्रोल रूम द्वारा नजदीकी यातायात पेट्रोलिंग टीम को अलर्ट किया जाएगा, जो मौके पर पहुंचकर जाम को जल्द से जल्द क्लियर करेगी।

पुलिस का कहना है कि शहर में सुगम और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में तकनीक का उपयोग करते हुए अब गूगल मैप के माध्यम से भी सड़कों की निगरानी की जाएगी। यदि किसी सड़क पर दबाव या जाम की स्थिति दिखाई देती है तो वहां तुरंत यातायात टीम भेजी जाएगी, जिससे आम लोगों को परेशानी से बचाया जा सके।

गूगल मैप में ट्रैफिक रंगों का मतलब

  • हरा (Green): यातायात सामान्य रूप से चल रहा है।
  • पीला (Yellow): मध्यम गति से यातायात।
  • लाल (Red): बहुत धीमी गति या सिग्नल पर रुका ट्रैफिक।
  • मेहरून (Maroon): यातायात पूरी तरह बाधित।

जाम की स्थिति में हेल्पलाइन का उपयोग करने की अपील

यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि जाम की स्थिति में हेल्पलाइन का उपयोग करें और गूगल मैप के जरिए वैकल्पिक मार्ग अपनाकर शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में सहयोग करें।