हेमंत शर्मा, इंदौर। Raja Raghuvanshi Murder Case: बहुचर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड में जमानत के बाद अब मामला अदालत से निकलकर सीधे परिवारों की जुबान तक पहुंच गया है। मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी को जमानत मिलते ही आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है, लेकिन इस बार जो सामने आया है, उसने पूरे मामले को और ज्यादा संवेदनशील और विस्फोटक बना दिया है। जमानत के बाद पहली बार सोनम के भाई गोविंद रघुवंशी ने चुप्पी तोड़ते हुए ऐसा बयान दिया है, जिसने हर किसी को चौंका दिया।
‘मुझे मर जाना चाहिए…’
गोविंद ने साफ शब्दों में कहा, “अगर मेरे मरने से आपको शांति मिलती है, तो मैं मर जाता हूं… अगर आपको लगता है कि मैंने किया है, तो मुझे मर जाना चाहिए। मुझ पर इतने आप लग रहे हैं तो मुझे सुसाइड कर लेना चाहिए।” राजा रघुवंशी का परिवार लगातार उन पर शक जता रहा है और उन्हें कटघरे में खड़ा करने की कोशिश कर रहा है, जबकि वह खुद को इस पूरे मामले में पीड़ित पक्ष के साथ खड़ा बताते हैं।
सोनम की जमानत में कोई हाथ नहीं होने का दावा
गोविंद ने दो टूक कहा कि सोनम की जमानत में उनका कोई हाथ नहीं है। न उन्होंने कोई वकील किया, न ही किसी तरह की पैरवी की। उनके मुताबिक, जमानत पूरी तरह कोर्ट की प्रक्रिया के तहत हुई है और उनके परिवार ने सिर्फ कानूनी औपचारिकताएं पूरी कीं। लेकिन इस पूरे विवाद के बीच सबसे बड़ा मुद्दा गोविंद की निजी जिंदगी बन गई है।
सोनम से कोई संबंध नहीं
उन्होंने दावा किया कि इस केस के चलते उनका पूरा कारोबार बर्बाद हो गया है। बैंकों की किश्तें भरना मुश्किल हो गया है, आर्थिक स्थिति डगमगा गई है और मानसिक रूप से वह पूरी तरह टूट चुके हैं। गोविंद का यह भी कहना है कि वह इस मामले से खुद को पूरी तरह अलग रखना चाहते हैं और सोनम से कोई संबंध नहीं रखना चाहते। बावजूद इसके, उन पर लगातार आरोप लगाए जा रहे हैं, जिससे उनकी स्थिति और बिगड़ती जा रही है।

