जालंधर. अमरिंदर सिंह राजा वडिंग के पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने के बाद राजनीतिक गलियारों में इसकी काफी चर्चा हो रही है. कोई इसे सही कह रहा है और कोई गलत…इन सभी के बीच में आरोप प्रत्यारोप का दौर भी शुरू हो गया है. राजा के इस्तीफे के बाद पूर्व केंद्रीय मंत्री और बीजेपी नेता रवनीत सिंह बिट्टू ने अपने एक्स पर अकाउंट एक पोस्ट शेयर किया, जिसमें उन्होंने राहुल गांधी पर निशान साधा है, लेकिन इस विषय को लेकर राजा ने बिट्टू को करारा जवाब दिया है.

दरअसल राजा वडिंग के इस्तीफे के तुरंत बाद रवनीत सिंह बिट्टू ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन पर ‘यूज एंड थ्रो’ की नीति अपनाने का आरोप लगाया. बिट्टू के बयान पर राजा वडिंग ने राहुल गांधी का बचाव करते हुए उन्हें कड़ा जवाब दिया. वडिंग ने एक्स पर लिखा कि रवनीत सिंह बिट्टू, मेरे पास आपके लिए एक सच्ची सलाह है. आप गलत आदमी से पंगा ले रहे हैं. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी उनके लिए सिर्फ राजनीतिक नेता नहीं हैं, बल्कि इस देश के नेता हैं और एकमात्र ऐसे व्यक्ति हैं जो उम्मीद जगाते हैं.

वडिंग ने आगे कहा कि वह अवसरवादी नहीं, बल्कि वफादार हैं और अच्छे-बुरे समय में राहुल गांधी के साथ खड़े रहे हैं. उन्होंने कहा कि वह आगे भी राहुल गांधी के साथ खड़े रहेंगे. वडिंग ने आगे कहा कि यह न भूलें कि राहुल जी न सिर्फ मेरे साथ खड़े रहे, बल्कि आपके साथ भी खड़े रहे. उन्होंने हम पर भरोसा किया और हमें इतना कुछ दिया है, जिसे हम कभी पूरी तरह से नहीं चुका सकते. गौरतलब है कि 2024 के लोकसभा चुनाव में लुधियाना सीट पर अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने रवनीत सिंह बिट्टू को हराया था. इसके बाद बिट्टू बीजेपी में शामिल हो गए और केंद्र में मंत्री भी बने.