दौसा। राजस्थान के दौसा जिले में मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में पिता और उसके दो बेटों की मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा बांदीकुई थाना क्षेत्र के अलवर-सिकंदरा मेगा हाईवे पर हुआ, जहां तेज रफ्तार ईको कार ने बाइक को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और गांव में मातम छा गया।
आधार कार्ड में जन्मतिथि सुधरवाने जा रहा था परिवार
पुलिस के अनुसार अगावली निवासी मुकेश बैरवा (35) अपनी पत्नी सीता देवी (30) और दो बेटों दिलखुश (9) व ट्रिपुल (6) के साथ बाइक से बांदीकुई जा रहा था। बताया गया कि वे बड़े बेटे दिलखुश के आधार कार्ड में जन्मतिथि सही करवाने के लिए घर से निकले थे।इसी दौरान अलवर-सिकंदरा की ओर से आ रही तेज रफ्तार ईको कार ने उनकी बाइक को सामने से टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार कि सड़क पर जा गिरे चारों
प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार चारों लोग उछलकर सड़क पर जा गिरे। हादसे में मुकेश बैरवा और उनके दोनों बेटों दिलखुश व ट्रिपुल की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं सीता देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं।टक्कर से ईको कार का अगला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित किया
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। सभी को बांदीकुई उपजिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मुकेश और दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया।
तीनों शवों को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। गंभीर रूप से घायल सीता देवी को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जयपुर रेफर किया गया है।
हादसे के बाद ईको चालक फरार
दुर्घटना के बाद ईको कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों और चालक की पहचान को लेकर जांच कर रही है।
अस्पताल पहुंचे विधायक
हादसे की सूचना मिलने के बाद विधायक भागचंद टांकड़ा भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल सीता देवी की कुशलक्षेम जानी और घटना की जानकारी ली।एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से अगावली गांव में शोक का माहौल है। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।


