Rajasthan News: राजस्थान के अजमेर से ठगी का एक ऐसा मामला सामने आया है जिसे सुनकर आपके रोंगटे खड़े हो जाएंगे। यहां एक शातिर गिरोह ने एक बुजुर्ग को अपना शिकार बनाया और घुटनों के इलाज के नाम पर उनसे करीब 4.5 लाख रुपये ठग लिए। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि आरोपियों ने एक-दो बार नहीं, बल्कि पूरे 73 बार इलाज का नाटक कर बुजुर्ग की गाढ़ी कमाई पर हाथ साफ किया।

दरअसल, यह पूरा मामला कोतवाली थाना इलाके का है। पीड़ित 62 वर्षीय हरिराम किशनचंद मूलचंदानी को गिरोह के सदस्यों ने पहले अपनी चिकनी-चुपड़ी बातों में फंसाया। उन्होंने बुजुर्ग का भरोसा जीता और उन्हें एक खास डॉक्टर के पास भेज दिया। यह डॉक्टर कोई और नहीं बल्कि गिरोह का मुख्य सरगना मोहम्मद कादिर था, जो डॉ. समीर जरीवाला बनकर लोगों को लूट रहा था।

ग्राउंड सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी कादिर ने बुजुर्ग को डराया कि उनके घुटनों में मवाद भरा है। उसने सिंधी नाम के एक फर्जी उपकरण का इस्तेमाल किया और इलाज का बहाना बनाकर 73 बार फर्जी थेरेपी दी। कुल 4,39,000 रुपये की वसूली की। बुजुर्ग को झांसा दिया कि वे जल्द ठीक हो जाएंगे।

जब बुजुर्ग को अहसास हुआ कि उनके साथ धोखा हुआ है, तो उन्होंने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। अजमेर पुलिस ने इसे चुनौती की तरह लिया और शहर के 250 से ज्यादा सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाले। पुलिस की नजर एक संदिग्ध लाल रंग की कार पर पड़ी, जिसका इस्तेमाल आरोपी वारदात के लिए करते थे। इसी कार के सुराग ने पुलिस को आरोपियों के ठिकाने तक पहुंचा दिया।

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गिरोह के तीन सदस्यों दीन मोहम्मद, मोहम्मद कादिर और मोहम्मद आसिफ को मध्य प्रदेश के भोपाल से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के वक्त ये शातिर अपराधी एक और बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। इनके पास से पुलिस ने 33,800 रुपये नकद। इलाज में इस्तेमाल होने वाले फर्जी उपकरण, स्प्रे, 12 मोबाइल फोन और 9 सिम कार्ड बरामद किया है।

पढ़ें ये खबरें