अलवर। राजस्थान के अलवर जिले में एक युवक द्वारा यूपीएससी में चयन का झूठा दावा कर पूरे गांव को गुमराह करने का मामला सामने आया है। युवक ने खुद को सिविल सेवा परीक्षा में चयनित बताते हुए न केवल बधाइयां बटोरीं, बल्कि गांव में जुलूस और सम्मान समारोह तक आयोजित करा लिया। हालांकि एक QR कोड स्कैन होने के बाद उसकी पूरी पोल खुल गई, जिसके बाद अब उसके खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

मामला बानसूर क्षेत्र के नांगल भाव सिंह गांव का है। 6 मार्च को यूपीएससी का परिणाम घोषित होने के बाद गांव के रहने वाले निशांत कुमार ने अपने चयन की बात ग्रामीणों और रिश्तेदारों को बताई। उसने दावा किया कि सिविल सेवा परीक्षा में आई 899वीं रैंक उसी की है और उसे जल्द ही किसी उच्च पद पर नियुक्ति मिलेगी। युवक की इस कथित सफलता की खबर फैलते ही गांव में खुशी का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने उसे कंधों पर बैठाकर ढोल-नगाड़ों के साथ पूरे गांव में जुलूस निकाला। उसके घर पर बधाई देने वालों का तांता लग गया, जिसमें जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी भी शामिल रहे। पूर्व कैबिनेट मंत्री शकुंतला रावत सहित कई लोग उसे शुभकामनाएं देने पहुंचे।

इस दौरान गांव में एक भव्य सम्मान समारोह का भी आयोजन किया गया। मंच से निशांत ने अपनी कथित सफलता की कहानी सुनाते हुए यूपीएससी की तैयारी में किए गए संघर्ष और मेहनत का वर्णन किया, जिससे वहां मौजूद लोग प्रभावित हो गए। उसने अपनी सफलता का श्रेय परिवार, मित्रों और गांव वालों को दिया। तैयारी के बारे में पूछे जाने पर उसने बताया कि उसने ऑनलाइन कोचिंग और यूट्यूब जैसे प्लेटफॉर्म के माध्यम से पढ़ाई की और इंटरव्यू के लिए एक कोचिंग सेंटर से मार्गदर्शन लिया।

हालांकि समारोह के दौरान ही एक व्यक्ति को शक हुआ और उसने निशांत से उसका यूपीएससी एडमिट कार्ड मांगा। एडमिट कार्ड में मौजूद QR कोड को स्कैन करने पर सच्चाई सामने आ गई। जांच में पता चला कि 899वीं रैंक निशांत की नहीं है, बल्कि उसी नाम के आगरा निवासी एक अन्य अभ्यर्थी की है। हमनाम होने का फायदा उठाकर निशांत ने झूठी कहानी गढ़ी और सभी को भ्रमित किया।

आगे की जांच में यह भी सामने आया कि निशांत यूपीएससी की प्रारंभिक परीक्षा तक ही पहुंच पाया था और उसे वह भी क्वालीफाई नहीं कर सका था। पूरे मामले के खुलासे के बाद गांव में हैरानी का माहौल है। प्रशासन अब युवक के खिलाफ धोखाधड़ी के मामले में कार्रवाई की तैयारी कर रहा है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H