Rajasthan Assembly Session: राजस्थान में होली के रंगों के बीच मिला अवकाश समाप्त होने के बाद आज, 5 मार्च 2026, से राजस्थान विधानसभा का बजट सत्र पुन: शुरू होने जा रहा है।

विधानसभा की कार्यसूची के अनुसार, आज पंचायती राज और शहरी निकाय चुनावों से जुड़े दो बड़े संशोधन विधेयक सदन पटल पर रखे जाएंगे। पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर पंचायती राज संशोधन बिल पेश करेंगे, जबकि यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा नगरपालिका संशोधन बिल को सदन में रखेंगे। इन बिलों का मुख्य उद्देश्य चुनाव लड़ने के लिए संतान की संख्या संबंधी पुरानी बाध्यता को समाप्त करना है।

जन विश्वास और वाणिज्यिक संशोधनों पर भी चर्चा

सत्र के पहले ही दिन विधायी कार्यों की लंबी सूची है। राजस्थान जन विश्वास उपबंधों का संशोधन विधेयक 2026 पर सदन में विस्तार से चर्चा की जाएगी और इसे आज ही पारित कराए जाने की संभावना है। इसके साथ ही, व्यापारिक सुगमता की दिशा में कदम बढ़ाते हुए राजस्थान दुकान और वाणिज्यिक संस्थान संशोधन विधेयक 2026 को भी सदन की मंजूरी के लिए रखा जाएगा।

यदि BAC (बिजनेस एडवाइजरी कमेटी) विधानसभा के कामकाज की अवधि बढ़ाने का निर्णय लेती है, तो पंचायती राज और नगरपालिका संशोधन बिलों को चर्चा के उपरांत 9 मार्च 2026 तक पारित कराया जा सकता है। विपक्ष के कड़े तेवरों के बीच इन विधेयकों पर तीखी बहस होने के आसार हैं।

पढ़ें ये खबरें