जयपुर। राजस्थान में आगामी पंचायत चुनावों को लेकर भाजपा ने संगठनात्मक सक्रियता बढ़ाने की दिशा में कदम तेज कर दिए हैं। भाजपा प्रदेश कार्यालय में मंगलवार देर शाम प्रदेश स्तरीय विस्तारकों की बैठक हुई। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने विस्तारकों को संबोधित किया। दोनों नेताओं ने केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के साथ पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने में संगठन की भूमिका पर जोर दिया।

गांव और ढाणी तक सरकार की योजनाएं पहुंचाने का आह्वान

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने विस्तारकों से कहा कि आगामी पंचायत चुनावों को देखते हुए सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को गांव-गांव और ढाणी-ढाणी तक पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना जरूरी है और इसके लिए कार्यकर्ताओं को अपने क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभानी होगी।

मुख्यमंत्री ने युवाओं के लिए रोजगार, किसानों को किसान सम्मान निधि, महिलाओं के आत्मनिर्भरता से जुड़े प्रयासों और गरीब परिवारों को आवास सहित विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनका लाभ पात्र लोगों तक पहुंचना चाहिए।

राठौड़ बोले- अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ

प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित संगठन है और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के सिद्धांत के अनुरूप समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास और जनकल्याण का लाभ पहुंचाना पार्टी की प्राथमिकता है।

उन्होंने प्रदेश स्तरीय विस्तारकों से अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रियता के साथ काम करने को कहा। राठौड़ ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने के साथ पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने में भी सहयोग किया जाए।

सिर्फ जानकारी नहीं, लाभार्थियों तक पहुंचे फायदा

बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि संगठन की सक्रियता केवल सरकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार करने तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। विस्तारक यह सुनिश्चित करने में सहयोग करें कि जिन लोगों के लिए योजनाएं बनाई गई हैं, उन्हें उनका वास्तविक लाभ मिल सके।

मुख्यमंत्री ने विस्तारकों से अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार संपर्क बनाए रखने और सरकार की योजनाओं तथा उनके लाभ की जानकारी आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

बैठक में ये नेता रहे मौजूद

बैठक में भाजपा संगठन महामंत्री अजेय कुमार, प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच, प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी, कैलाश मेघवाल, मिथिलेश गौतम सहित प्रदेश पदाधिकारी मौजूद रहे।