दौसा। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बुधवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। ऋषिकेश से इंदौर जा रही एक टूरिस्ट बस ट्रक से टकराने के बाद आग की चपेट में आ गई। इस दर्दनाक हादसे में 8 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि 21 यात्री घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब 3:30 बजे दौसा जिले में हुआ। बस में लगभग 37 तीर्थयात्री सवार थे। टक्कर के बाद बस और ट्रक दोनों में आग लग गई, जिससे बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल और आपातकालीन टीमें मौके पर पहुंचीं। कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बस चालक को झपकी आने के कारण यह हादसा हुआ, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के बाद आग तेजी से फैल गई, जिससे यात्रियों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका। बताया जा रहा है कि बस की डिक्की में रखे सामान के कारण आग और तेजी से भड़क गई, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

हादसे के बाद बस पूरी तरह जलकर राख हो गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H