सलूंबर। राजस्थान के सलूंबर में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खाद्य सुरक्षा अधिकारी घनश्याम सोलंकी को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोप है कि अधिकारी खाद्य कारोबारियों से सैंपल लेने और कार्रवाई नहीं करने के एवज में रिश्वत की मांग कर रहा था। शिकायत के सत्यापन के बाद ACB ने ट्रैप की कार्रवाई को अंजाम दिया।

सैंपल लेने और कार्रवाई का डर दिखाकर मांग रहा था पैसे

ACB के अनुसार, सलूंबर क्षेत्र में खाद्य कारोबारियों से निरीक्षण और खाद्य नमूने लेने के नाम पर अवैध वसूली की शिकायत मिली थी। शिकायतकर्ता ने ACB से संपर्क किया, जिसके बाद उदयपुर टीम ने शिकायत का गोपनीय सत्यापन कराया।

पहले 10 हजार लिए, दूसरी किश्त लेते ही दबोचा

जांच के दौरान आरोपी अधिकारी ने कथित तौर पर रिश्वत की पहली किश्त के रूप में 10 हजार रुपये लिए। इसके बाद मंगलवार को जब वह शिकायतकर्ता से दूसरी किश्त के 10 हजार रुपये ले रहा था, तभी ACB टीम ने उसे मौके पर पकड़ लिया।

आवास समेत कई ठिकानों पर तलाशी

कार्रवाई ACB उदयपुर रेंज के DIG डॉ. रामेश्वर सिंह के मार्गदर्शन में की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनंत कुमार के नेतृत्व में टीम ने आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया।

गिरफ्तारी के बाद ACB की टीम आरोपी के आवास और अन्य संभावित ठिकानों पर तलाशी ले रही है। दस्तावेजों और संपत्ति से जुड़े रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।

भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम में केस दर्ज

ACB ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी घनश्याम सोलंकी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारी ने रिश्वत क्यों मांगी और इस वसूली में कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं, इसकी भी पड़ताल की जा रही है।